इंदौर जिले में आगामी 2 जुलाई को एक ही दिन में
एक साथ रोपे जायेंगे साढ़े 15 लाख से अधिक पौधे
--------
शासकीय कार्यालयों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिये
कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने दिये कार्यालय प्रमुखों को निर्देश
--------
अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न
इंदौर 15 मई, 2017
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की पहल पर इंदौर जिले में भी हरियाली महोत्सव तथा नमामि देवि नर्मदे सेवा महाअभियान के अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जायेगा। इसके तहत आगामी दो जुलाई को इंदौर जिले में विभिन्न शासकीय विभागों तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से एक ही दिन में साढ़े 15 लाख से अधिक पौधे रोपे जायेंगे। रोपे गये पौधों की सुरक्षा तथा सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था भी की जायेगी। जिले में तलाबों के गहरीकरण का अभियान जनसहयोग से तेजी से जारी है। जिले में 213 तालाबों के गहरीकरण का कार्य हाथ में लेकर सवा सौ से अधिक तालाबों के गहरीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
समय-सीमा का पालन नहीं करने वाले
अधिकारियों के विरूद्ध होगी कार्यवाही
यह जानकारी आज यहां कलेक्टर श्री पी.नरहरि की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक में दी गयी। इस बैठक में अपर कलेक्टर द्वय श्री शमीमुद्दीन तथा श्रीमती राखी सहाय सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने मुख्य रूप से सीएम हेल्प लाइन, समाधान ऑनलाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, जनसुनवाई सहित समय-सीमा से जुड़े अन्य आवेदनों तथा शिकायतों के अधिकारीवार निराकरण की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिये कि समयावधि के आवेदनों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में ही सुनिश्चित किया जाये। समय-सीमा का पालन नहीं करने वाले अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी।
कार्यालयों को स्वच्छ और सुंदर बनायें
बैठक में उन्होंने निर्देश दिये कि सभी कार्यालय प्रमुख यह सुनिश्चित करें कि उनके कार्यालय का आंतरिक तथा बाहरी भाग पूर्ण स्वच्छ रहे। किसी भी कार्यालय में कचरा और गंदगी नहीं दिखाई दे। कार्यालयों में कचरा एकत्रित करने के लिये पर्याप्त डस्टबीन लगायें, शौचालयों की पर्याप्त साफ-सफाई रखें। आगंतुकों के बैठने के लिये पर्याप्त व्यवस्था की जाये। कार्यालय के प्रांगण को भी स्वच्छ रखें। प्रांगण में आवश्यकता अनुसार वृक्षारोपण भी किया जाये। कार्यालय में गंदगी पायी जाने पर संबंधित कार्यालय प्रमुख जिम्मेदार रहेंगे।
पौधरोपण के पहले, रोपते समय तथा
रोपण के पश्चात के फोटो भी लिये जायेंगे
बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की पहल पर आगामी 2 जुलाई को वृक्षारोपण का महाअभियान चलाया जायेगा। इस दिन साढ़े 15 लाख से अधिक पौधे रोपे जायेंगे। पौधरोपण का यह कार्य विभिन्न शासकीय विभागों,स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, नागरिकों आदि के माध्यम से किया जायेगा। श्री नरहरि ने शासकीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे वृक्षारोपण के लिये जिस स्थान का चयन कर रहे हैं, उसका फोटोग्राफस भेजें। पौधरोपण के पहले, पौधरोपण करते हुये तथा पौधरोपण के पश्चात
के फोटो भी जिला पंचायत में बनाये गये विशेष कक्ष को अनिवार्य रूप से उपलब्ध करायें। साथ ही अभियान के अंतर्गत रोपे गये पौधों की बड़े होने तक सुरक्षा और सिंचाई की व्यवस्था की जाये। इसके लिये विभागवार कार्ययोजना बनायी जा रही है। सभी शासकीय विभागों को लक्ष्य भी सौंप दिये गये हैं।
ग्राम उदय से भारत उदय अभियान की प्रगति की समीक्षा
बैठक में कलेक्टर श्री नरहरि ने गत 14 अप्रैल से शुरू किये गये ग्राम उदय से भारत उदय अभियान की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान बताया गया कि इस अभियान का जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस अभियान के अभी तक दो चरण पूरे हो चुके हैं। तीसरा चरण प्रगति पर है। बताया गया कि अभियान के अंतर्गत ग्राम संसद और कृषि संसदों का आयोजन ग्रामवार किया जा रहा है। अभियान के तहत लगभग 11 हजार 500 आवेदन प्राप्त हुये हैं। इन आवेदनों का परीक्षण किया जा रहा है। परीक्षण के उपरांत इनका निराकरण 31 मई तक किया जायेगा। कलेक्टर श्री नरहरि ने कहा कि यह अभियान राज्य शासन की प्राथमिकता का अभियान है। प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से निराकरण करें। आवेदनों के निराकरण की जानकारी लोगों को भी अनिवार्य रूप से दें।
जनसहयोग से 213 तालाबों के गहरीकरण का कार्य लिया गया हाथ में
बैठक में श्री पी.नरहरि ने इंदौर जिले में गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी जनसहयोग से शुरू किये गये तालाबों के गहरीकरण के अभिनव अभियान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि जिले में इस वर्ष 213 तालाबों के गहरीकरण का कार्य हाथ में लिया गया है। इसमें से सवा सौ से अधिक तालाबों के गहरीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। शेष तालाबों के गहरीकरण का कार्य भी शीघ्र प्रारंभ कर दिया जायेगा। कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने सभी एसडीएम को निर्देश दिये कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के तालाबों के गहरीकरण के कार्य की अपने स्तर पर समीक्षा करें। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि गहरीकरण का कार्य हर हाल में मानसून के पूर्व सम्पन्न हो जाये। उल्लेखनीय है कि अभियान के अंतर्गत जनसहयोग से तालाबों की गहरीकरण, पाल सुदृढ़ीकरण, वेस्टवियर मरम्मत आदि कार्य किये जा रहे हैं। तालाबों के गहरीकरण से निकली मिट्टी किसान अपने खेतों में डाल रहे हैं, इससे जहां एक ओर तालाबों की जल संग्रहण क्षमता बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर किसानों के खेतों की उपजाऊ क्षमता में भी वृद्धि हो रही है।
कृषि उपज मंडी निर्वाचन की तैयारियां प्रारंभ
बैठक में बताया गया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य लगभग पूर्ण हो गया है। जिले में इस वर्ष अब तक एक लाख 35 हजार मेट्रिक टन गेहूं की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जा चुकी है। कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने आगामी खरीफ मौसम के लिये पर्याप्त खाद, बीज सहित अन्य कृषि आदानों के भण्डारण और वितरण की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिये। बैठक में कलेक्टर श्री नरहरि ने आगामी कृषि उपज मण्डी निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों को मंडी निर्वाचन के तहत बनाई जाने वाली मतदाता सूची के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
महिपाल/कपूर
No comments:
Post a Comment