Tuesday, 5 September 2017


नौ सितम्बर की लोक अदालत में निपटेंगे सैकड़ों पारिवारिक प्रकरण
इंदौर 5 सितम्बर, 2017
आगामी 9 सितम्बर, 2017 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें कुटुम्ब न्यायालय इंदौर में लंबित प्रकरण जिनमें राजीनामा/सुलह के आधार पर प्रकरणों का निराकरण का प्रयास किया जायेगा।
जो अधिवक्तागण एवं पक्षकारगण जो राजीनामा/सुलह के आधार पर समझौता योग्य वैवाहिक विवाद के प्रकरणों को नेशनल लोक अदालत में नियत कराना चाहते हैं, इस हेतु कार्यवाही कर सकते हैं, और अपने प्रकरणों को राजीनामा के आधार पर निराकरण हेतु नेशनल लोक अदालत में रखवा सकते हैं।
सभी अधिवक्तागण से भी अपील है कि वे नेशनल लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण में सहयोग करेंगे एवं नेशनल लोक अदालत को सफल बनाये जाने हेतु सहभागी बनें।
 सिंह/कपूर




सामूहिक विवाह के लिये सामग्री क्रय हेतु क्रय समिति गठित

इंदौर 5 सितम्बर, 2017
राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में जिला प्रशासन द्वारा व्यापक पैमाने पर निकट भविष्य में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत सामूहिक विवाह का आयोजन किया जायेगा, जिसके लिये मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा क्रय समिति का गठन किया गया है, जिसमें मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अध्यक्ष, परियोजना अधिकारी शहरी विकास, जिला कोषालय अधिकारी, महाप्रबंधक उद्योग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति अधिकारी, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय आदि को क्रय समिति का सदस्य मनोनीत किया गया है। उक्त क्रय समिति जिले में शहरी और ग्रामीण निकायों द्वारा आयोजित किये जाने वाले मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह/निकाह योजना के तहत वधु को उपलब्ध कराये जाने वाली 5 हजार रुपये मूल्य की विवाह सामग्री की दरों का निर्धारण एवं प्रदाय सामग्री की गुणवत्ता का समय-समय पर परिवेक्षण संबंधी कार्यवाही करेगी।
 सिंह/कपूर




एक दिवसीय रोजगार मेला 8 सितम्बर को
इंदौर 5 सितम्बर, 2017
उप संचालक जिला रोजगार कार्यालय इंदौर ने बताया कि भारत सरकार के नेशनल केरियर सर्विस के तहत नोडल केरियर सेंटर, जिला रोजगार कार्यालय,इंदौर में शिक्षित आवेदकों हेतु सार्वजनिक क्षेत्र में रोजगार की कमी को देखते हुये पोलोग्राउण्ड इंदौर स्थित जिला रोजगार कार्यालय में 8 सितम्बर, 2017 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया है। रोजगार मेला प्रात: 10 बजे से प्रारंभ होकर अपरान्ह एक बजे तक जारी रहेगा।
उक्त मेले में 18 से 35 वर्ष तक के आवेदक जो कि स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण हों, वह सभी मेले में भाग लेकर योग्यता अनुसार रोजगार प्राप्त कर सकते हैं। इंदौर नगर निगम के सम्पत्ति सर्वेक्षण के कार्य हेतु स्नातक पुरूष आवेदकों की आवश्यकता है। जिस हेतु नागपुर की निजी कम्पनी आकर्षक वेतन पर रोजगार प्रदान करने हेतु कम्पनियों के प्रतिनिधि आवेदकों के साक्षात्कार लेकर प्रारंभिक रूप से चयनित करेंगे। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में सम्मिलित होने वाले आवेदक अपनी समस्त शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्रों के साथ बायोडेटा के प्रतियों एवं अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्र जैसे आधारकार्ड आदि की फोटोकॉपी भी आवश्यक रूप से साथ में लेकर आयें।
 भदौरिया/कपूर





संकल्प से सिद्धि अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम 7 सितम्बर को
------
प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित होगा कार्यक्रम
इंदौर 5 सितम्बर, 2017
भारत छोड़ो आन्दोलन के 75 वर्ष तथा देश की स्वतंत्रता के 70 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारत सरकार द्वारा संचालित संकल्प से सिद्धि अभियान के अंतर्गत इंदौर जिले में एक दिवसीय कार्यक्रम 7 सितम्बर को प्रात: 11 बजे से जाल सभागृह में आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिले के प्रभारी मंत्री द्वारा की जायेगी। कार्यक्रम में सन 2022 तक नये भारत के निर्माण हेतु संकल्प लिया जायेगा।
इसके अलावा जिला स्तर पर रैली व मानव श्रृंखला आयोजित की जायेगी। स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों की मूर्तियों को माला पहनाकर सम्मान किया जायेगा। स्वच्छता अभियान की गतिविधियां आयोजित की जायेंगी। कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करते हुये उन्हें भारत के गौरवशाली इतिहास के संबंध में परिचित कराया जायेगा। कार्यक्रम के दौरान गंदगी गरीबी, भ्रष्टाचार, जातिवाद, साम्प्रदायिकता, आंतकवाद के खतरों से आगह करते हुये इनके उन्मूलन हेतु संकल्प भी दिलाया जायेगा। कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान के साथ-साथ रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की जायेंगी।
कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने अभियान के तहत आयोजित होने वाली जिला स्तरीय गतिविधियों के लिये अधिकारियों को आवश्यक दायित्व सौंपे भी हैं। नगर में स्वच्छता अभियान के आयोजन के लिये आयुक्त नगर निगम इंदौर, वृक्षारोपण कार्यक्रम हेतु वन मण्डल अधिकारी इंदौर, रैली एवं मानव श्रृंखला के आयोजन हेतु जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग, साहित्यिक व सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय विभाग एवं जिला जनसम्पर्क अधिकारी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और शहीदों की मूर्ति पर माल्र्यापण कार्यक्रम हेतु महाप्रबंधक जिला उद्योग एवं उप संचालक रोजगार, रक्तदान शिविर के आयोजन रेडक्रास सोसायटी, समाज में एनजीओ एवं समाजसेवी संगठनों द्वारा अनुकरणीय कार्य किये जाने पर उनका सम्मान, प्रभारी संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय, समस्त गतिविधियों की जानकारी एवं उसका प्रचार-प्रसार हेतु ई-गर्वेनेंस प्रबंधक एवं जिला जनसम्पर्क अधिकारी प्रभारी बनाये गये हैं।
कार्यक्रम में प्रत्येक विकासखण्ड से स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधियों, समाजसेवी, सेवानिवृत्त शासकीय वरिष्ठ अधिकारी, सभी धर्मों के धर्मगुरू, गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, स्वतंत्रता सेनानी, पूर्व सैनिक, वरिष्ठजन, सामुदायिक नेतृत्वकर्ता, छात्र-छात्राएं एवं मेन्टर्स आदि की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु कहा गया है।
 भदौरिया/कपूर





कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने सुनी लोगों की समस्यायें
इंदौर 5 सितम्बर, 2017
कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने जनसुनवाई कर लोगों की समस्याओं को सुना। एडीएम श्री अजय देव शर्मा व डिप्टी कलेक्टर श्री बिहारीसिंह ने जनसुनवाई में सहयोग किया। जनसुनवाई में आवेदकों ने अपनी-अपनी समस्याओं से अवगत कराया। जनसुनवाई में भूमि संबंधी विवाद, विभिन्न प्रकार की पेंशन संबंधी  मामले,आर्थिक सहायता, बीपीएल सूची में नाम जोड़ने, इलाज हेतु आर्थिक सहायता, स्वरोजगार हेतु ऋण दिलाने, प्लाट से संबंधित कॉलोनाइजरों के विरूद्ध शिकायतें, आपसी विवाद से संबंधित मामले, रास्ता विवाद, अतिक्रमण आदि से संबंधित मामले प्राप्त हुये।
भदौरिया/कपूर






मुख्यमंत्री युवा उद्यमी में अत्यवसायी 10 करोड़ रुपये का वित्तीय लक्ष्य
------
अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं से आवेदन आमंत्रित
इंदौर 5 सितम्बर,2017
मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंत्यवसायी सहकारी विकास समिति जिला इंदौर ने बताया कि राज्य शासन द्वारा जिला अंत्यवसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित इंदौर को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में वर्ष 2017-18 का लक्ष्य प्राप्त हो गया है। जिले को 20 प्रकरणों का भौतिक लक्ष्य मिला है। इसके लिये 10 करोड रुपये का वित्तीय लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि लक्ष्य पूर्ति हेतु अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र हितग्राहियों से उक्त योजना में आवेदन आमंत्रित किये गये हैं।
योजना के लिये पात्रता हेतु आवेदक को अनुसूचित जाति वर्ग का होना चाहिये। आवेदक की उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच हो, आवेदक की योग्यता न्यूनतम 10वीं उत्तीर्ण होना चाहिये। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में 10 लाख रुपये से एक करोड़ रुपये तक का ऋण उद्योग एवं सेवा व्यवसाय के लिये  बैंक द्वारा दिया जाता है। जिसमें मार्जिन मनी 15 प्रतिशत अधिकतम 12 लाख रुपये देय है। बैंक द्वारा प्रकरण वितरण करने के बाद ऋण पर 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान प्रतिवर्ष के मान से 7 वर्ष तक दिया जाता है। योजना में पात्र हितग्राहियों से आवेदन आमंत्रित किये गये हैं। विस्तृत जानकारी के लिये कलेक्टर कार्यालय के रूम नम्बर 205 में स्थित जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित इंदौर कार्यालयीन समय में सम्पर्क कर सकते हैं।
श्व्
/सिंह/कपूर





विकासखण्ड स्तरीय कार्यक्रम आज
इंदौर 5 सितम्बर, 2017
संकल्प से सिद्धि अभियान अंतर्गत सभी चारों विकासखण्डों में आज 6 सितम्बर को विकासखण्ड स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। विकासखण्ड स्तर पर प्रस्फुटन समितियों, नर्मदा सेवा समिति एवं मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्वकर्ताओं के माध्यम से चौपाल आयोजित कर जनमानस को अभियान के संबंध में जानकारी दी जायेगी। कार्यक्रम में गरीबी, गंदगी, भ्रष्टाचार, जातिवाद, साम्प्रदायिकता एवं आतंकवाद के खतरों से आगाह किया जायेगा। साथ ही इनके उन्मूलन हेतु संकल्प भी दिलाया जायेगा तथा अभियान के उद्देश्यों के संबंध में जानकारी दी जायेगी।
 भदौरिया/कपूर

No comments:

Post a Comment