Saturday, 14 April 2018

देश व समाज की उन्नति निर्भर है महिलाओं की उन्नति पर
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इंदौर की कामयाब महिलाओं को
वूमेन एक्चिवर अवार्ड से किया सम्मानित
इंदौर, 14 अप्रैल 2018
            मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि देश, प्रदेश व समाज की उन्नति महिलाओं की उन्नति पर ही निर्भर है। इसके बगैर हम आगे नहीं बढ़ सकते। राज्य शासन का पूरा फोकस प्रदेश में महिला सशक्तिकरण पर है। इसी लिए राज्य शासन ने महिला उत्थान की अभिनव योजनाएं संचालित की है। मुख्यमंत्री आज इंदौर के अभय प्रशाल में फिक्की महिला संस्था द्वारा फिक्की फ्लो के तहत पॉवर टू एमपॉवर कार्यक्रम में इंदौर की उन चुनिंदा कामयाब महिलाओं को सम्मानित कर रहे थे, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में सफलता के साथ अपनी विशिष्ट पहचान बनायी है। इस कार्यक्रम में इंदौर की महापौर श्रीमती मालिनी गौड़, भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय में सचिव डॉ0 श्रीमती अरूणा शर्मा, विधायकगण श्री महेन्द्र हार्डिया, श्री सुदर्शन गुप्ता, श्री राजेश सोनकर के अलावा श्री कैलाश शर्मा, सुश्री पुष्पा मित्तल, सुश्री नेहा मित्तल, सुश्री मेघा वाधवानी आदि उपस्थित थे।
      मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि मनुष्य वही है, जो दूसरों के लिए जीये। इंदौर की महिलाओं ने अपनी क्षमता व प्रतिभा से अपना एक विशिष्ठ स्थान अर्जित किया है। अब वे देश, प्रदेश व समाज के लिए योगदान कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके मन में सदैव से महिलाओं के उत्थान व उन्नति हेतु एक संवेदनशीलता रही है। इसी लिए मुख्यमंत्री बनने के पश्चात उन्होंने सबसे पहली योजना मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना बनाई फिर इसके बाद लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई। आज प्रदेश में 28 लाख लाड़ली लक्ष्मी बालिकाएं है। जब ये बालिकाएं 21 वर्ष आयु की होंगी तब इनके खातों में 32 हजार करोड़ रूपये राशि जमा हो जायेगी। राज्य शासन ने महिला स्वयं सहायता समूहों को और सशक्त करने का निर्णय लिया है। इन समूहों में शामिल अधिकतर ग्रामीण महिलाएं आज मजबूती से आगे आकर आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में क्रांति ला रही है।
      मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के विरूद्ध अपराधों पर राज्य शासन ने अत्यंत संवेदनशीलता वरतते हुए कड़े कानून लागू किये है।ऐसे अपराधियों पर कानून का खौफ हो, यह सरकार ने सुनिश्चित कर दिया है। राज्य में पाश्विक प्रवृत्ति को चलने नहीं दिया जायेगा। प्रारंभ में नेहा मित्तल ने स्पागत उद्बोधन दिया।
ये महिलाएं हुई सम्मानित
      कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के हाथो इंदौर की 5 महिलाएं फ्लो वूमेन एक्चिवर अवार्ड 2018 से सम्मानित हुई। इनमें समाज सेवा के लिए मोनिका पुरोहित, कला एवं संस्कृति के लिए रागिनी मक्ख्रर, शिक्षा के लिए रश्मि आहूजा, स्पोर्टस के लिए सारा यादव तथा कनिका टेकरीवाल शामिल है।
मुख्यमंत्री ने तृप्ति फूड एटीएम का शुभारंभ किया
      फिक्की महिला संस्था द्वारा इंदौर शहर में विभिन्न स्थानों पर फूड एटीएम स्थापित करने का निर्णय लिया है। इन एटीएम को तृप्ति नाम दिया गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने प्रथम फूड एटीएम का फीता काट कर शुभारंभ किया। फूड एटीएम से जरूरतमंदों को भोजन मिलेगा।

No comments:

Post a Comment