Saturday, 14 April 2018

बार-बार दिन ये आये, बार-बार दिल ये गाये
दिव्यांग बच्चों ने मुख्यमंत्री के साथ मनाया अपना जन्म दिन
इंदौर, 14 अप्रैल 2018
      इंदौर के शुभकारज गार्डन में मौजूद दिव्यांग बच्चे आज उस वक्त खुशी से झूम उठे जब उनके जन्म दिन आयोजन पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बच्चों के साथ ये गाना गाया कि बार-बार दिन ये आये, बार-बार दिल ये गाये तुम जियो हजारों साल ये मेरी है आरजू ,हैप्पी बर्थडे टू यू । लोक संस्कृति मंच तथा संस्था सक्षम द्वारा आयोजित दिव्य आनंद उत्सव 2018 के आयोजन अवसर पर विभिन्न संस्थाओं के दिव्यांग बच्चे एवं पाकिस्तान से आयी मुकबधिर गीता विशेष रूप से उपस्थित थी। मध्यप्रदेश शासन के सामाजिक न्याय विभाग नि:शक्त जन कल्याण संस्था तथा महिला बाल विकास विभाग के विशेष सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बच्चों के साथ उनका जन्म दिन मानाया, बच्चें पर पुष्प वर्षा की, उनके जन्म दिवस के दीप जलाये।
      मुख्यमंत्री इस दौरान सुश्री गीता एवं सभी दिव्यांग बच्चों से पिता तुल्य आत्मीयता के साथ मिले। उनको दुलार किया, आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर मुकबधिर बच्चों से मुख्यमंत्री के संवाद हेतु विशेष रूप से सांकेतिक भाषा विशेषज्ञों की भी उपस्थिति रखी गयी थी। कार्यक्रम में इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री शंकर लालवानी, महापौर श्रीमती मालिनी गौड, विधायक श्री महेन्द्र हार्डिया, श्री सुदर्शन गुप्ता, श्री राजेश सोनकर, दिव्यांग संस्था के श्री सुभाष पालीवाल, श्री कैलाश शर्मा आदि उपस्थित थे।
      मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर अपने उद्बोधन में कहा कि आज मुझे जीवन की सबसे बड़ी खुशी मिली है, जब मैं इन बच्चों के साथ इनका जन्म दिन मना रहा हूं। दिव्यांग बच्चे प्रतिभा संपन्न होते है। आगे चल कर ये बच्चे सक्षमता के साथ अच्छे कार्य करेंगे। जीवन में हम लगातार आगे बढ़ने की सोचे। ये बच्चे सदैव प्रसन्न रहे। फूलों की तरह मुस्कराते रहे। बच्चों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
इंदौर में बनेगा दिव्यांग पार्क
      कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इंदौर में दिव्यांग पार्क बनाया जायेगा। इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित कराये जाने वाले इस दिव्यांग पार्क में दिव्यांग बच्चों के लिए कई सारी सुविधाएं जैसे काउन्सलिंग, स्वास्थ्य परीक्षण, खेल व मनोरंजन सुविधाएं, शासकीय योजनाओं की जानकारी आदि उपलब्ध कराये जायेंगी। शहर के मध्य बीआरटीएस कॉरिडोर विजय नगर के समीप यह पार्क बनेगा। इसका आकार 55 हजार वर्गमीटर का होगा। जिस भूमि पर यह पार्क बनाया जायेगा, उसका मूल्य लगभग 80 करोड़ रूपये है। यह पार्क इंदौर को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलायेगा।
वर्ल्ड बुक ऑफ रिकार्ड द्वारा प्रमाण पत्र दिया गया
      वृहद स्तर पर एक साथ इतने दिव्यांग बच्चों के जन्म दिवस आयोजन के वर्ल्ड रिकार्ड पर वर्ल्ड बुक ऑफ रिकार्ड संस्था द्वारा आयोजकों को रिकार्ड का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने पेरा ओलम्पिक में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले दिव्यांग हरेन्द्र त्रिवेदी को भी इस अवसर पर सम्मानित किया।

No comments:

Post a Comment