Saturday, 21 April 2018

लोक सेवा एक मिशन है

मध्यप्रदेश के समस्त भाइयों और बहनों, प्रणाम!

आज लोक सेवा दिवस के अवसर पर आपसे अपने विचार साझा कर रहा हूँ। लोक सेवा का मतलब है जनता को सेवा प्रदान करना। यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि मध्य प्रदेश के सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। यह उनका प्रयास है जो नीतियों के कार्यान्वयन को इतना आसान बना रहे हैं। लोक सेवा के तीनों स्तंभों द्वारा अद्वितीय काम किया जा रहा मैं इस उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई देता हूं। यह हमारे प्रदर्शन और भिन्न विचार हैं जिनके कारण हमें ऐसी योजनाएं आरंभ कर पाए हैं जिन्हें अन्य राज्यों द्वारा अपनाई जा चुकी हैं। एक राज्य के रूप में, हम एक लंबा सफर तय कर चुके हैं और मैं इस सफलता के का श्रेय लोक सेवकों को देना चाहूँगा। अच्छा काम करने के लिए चाहे वह सीएम हेल्पलाइन हो, गुड गवर्नेंस हो, समाधान एक दिन हो उन्हें हमने सम्मानित किया है यह एक अच्छी पहल है, इस तरह के कार्य हुमें करते रहने चाहिए। हम लोग लगातार कोशिश कर रहे हैं जन कल्याण के काम, विकास के काम और साथ ही गुड गवर्नेंस। सीएम हेल्प लाइन के माध्यम से कई लोगों की समस्याओं का समाधान हमने किया है। अभियान चला कर हमने रेवेन्यू के मामले निपटाए हैं। हमने प्रदेश में अनेकों ऐसे काम किए हैं जो अद्भुत हैं, हमने कई क्षेत्रों में विभिन्न पुरस्कार हमने जीते हैं। मध्यप्रदेश एक समय में जहां था उससे कहीं आगे हम लोग ले कर आए हैं और इसका श्रेय मैं अपने सभी लोक सेवक मित्रों को देता हूँ।
जन सेवा के जिस कार्य में हम हैं वह सुबह 10 से 5 की नौकरी नहीं है। आपमें प्रतिभा है इस लिए आप इस सेवा में आए हैं, हमने यह रास्ता चुना है ताकि हम जनता, प्रदेश व अपने देश की भलाई के लिए कार्य कर सकें। जिस भी विभाग से आते हैं उस विभाग के लिए अपना सर्वस्व झोंक कर काम करें, क्योंकि जनकल्याण कोई नौकरी नहीं है, यह एक मिशन है, देश को बदलने व प्रदेश को बदलने का कार्य हमें मिला है, जिसे पूरे करने का जज़्बा हर व्यक्ति में होना चाहिए। हमारी प्रामाणिकता, कार्यकुशलता और किसी काम को करने की तड़प से हम इस काम को कर सकते हैं। हम उन चंद मुट्ठी भर लोगों में से हैं जिन्हें करोड़ों लोगों का भाग्य बदलना है उनका भविष्य बनाना है। हमें जो काम मिला है उसे पूरा करने की तड़प भी होना चाहिए, तभी लक्ष्य की प्राप्ति हो सकती है। इस काम को करने की तड़प जो हमें लक्ष्य को प्राप्त किए बिना चैन से नहीं बैठने देती, ऐसे जनूनी ऐसे कई अफसर हमारे पास हैं। मैं जब भी प्रदेशवासियों से मिलता हूँ तो मेरे मन में एक ही विचार होता है कि उनसे बात करके, उनकी समस्याएँ सुन कर, उनके समाधान की कोशिश करूँ। यही तड़प प्रदेश के हर एक लोक सेवक में होना चाहिए।
यदि हमारा लक्ष्य निर्धारित है तो लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए एक रोडमैप तैयार करने की जरूरत है। अगर रोडमैप ढंग से बन जाए तो कार्यक्रम के क्रियान्वन की सफलता निश्चित है। सही रोडमैप का पालन ककरके हम लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं। इस रास्ते में हमारे सामने कई चुनौतियां आती हैं। लेकिन चुनौतियाँ तो लोक सेवकों के जीवन का एक अभिन्न हिस्सा हैं। हम सभी को उन चुनौतियों को स्वीकार कर उनका सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए। कई बार चुनौतियां अचानक हमारे सामने आ खड़ी होती है, तब त्वरित निर्णय लेकर काम करना होता है। ऐसे ही निर्णय हमने भावांतर भुगतान योजना को लागू करते समय हमने लिया।
एक महत्वपूर्ण बात और है कि किसी काम को देखने का हमारा दृष्टिकोण कैसा है? किसी काम कि सफलता या असफलता हमारे दृष्टिकोण हमारी सोच पर निर्भर करती है। लोक सेवकों में कई अफसर हमारे पास ऐसे हैं जिन्होंने अद्भुत कार्य करके अविश्वसनीय परिणाम हमें दिये हैं। हमारी सोच सकारात्मक होनी चाहिए। कुछ मित्र होते हैं जिनकी सोच नकारतमकता से प्रभावित होती है उन्हें हर कार्य में बाधाएँ पहले नज़र आती हैं, शुरुआत ही नकारात्मक होती है अंत भी नकारात्मक ही होगा। जहां भी नकारात्मक सोच की दखल हो जाती हैं वहाँ सफलता मिलनी असंभव है। ऐसे में सकारात्मक सोच बाधाओं को पार करके मार्ग निकाल लेने में सहायक सिद्ध होती है।
हमने मुख्यमंत्री असंगठित श्रमिक कल्याण योजना आरंभ कि जिसमें प्रदेश कि आधी आबादी को हम कवर करेंगे। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश में अभी भी ऐसे लोग हैं जो सड़कों के किनारे या घासफूस, प्लास्टिक की पन्नी के मकान बना कर रहने पर विवश हैं। अब इस स्थिति को देखने के दो नज़रिये हो सकते हैं एक कि शहर की सुंदरता को खराब करने वाले इन लोगों को यहाँ से हटाओ या फिर दूसरा इनकी सहाता करके इन्हें भी शहर की सुंदरता का हिस्सा बनाया जाए। इसीलिए प्रदेश के गरीबों को घर, बिजली और शिक्षा प्रदान करने के निरंतर प्रयास हम कर रहे हैं। राज्य के लोगों के भाग्य को बदलने के लिए हम तत्पर हैं। नियम व प्रक्रियाएँ कई मामलों में आड़े आती हैं ऐसे में सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ संवेदना भी साथ है तो हर कार्य पूर्ण होना ही होना है, नियम, प्रक्रियाएं व व्यवस्थाएँ ऐसी हों जिससे सभी को लाभ मिले नियम, प्रक्रियाएँ, व्यवस्थाएँ जनता के लिए हैं आवश्यकता पड़ने पर सकारात्मक बदलाव किए जा सकते हैं। जनता को साथ लेकर, उन्हें अपने साथ जोड़ते हुए यदि हम योजनाएँ बनाएँ या अभियान चलाएं तो बेहतर परिणाम प्राप्त कर सकते हैं।
हम किसी भी क्षेत्र में हों अच्छा काम तभी कर सकते हैं जब हम सभी को समानता की दृष्टि से देखें। हम किसी एक सेवा से बंधे नहीं हैं, हम सभी का लक्ष्य एक ही है जनता, प्रदेश व देश की सेवा। धैर्य, दृढ़ता और उत्साह के साथ हमारी सेवाओं का कार्यान्वन करना बहुत महत्वपूर्ण है। आप परिणाम देने वाले अधिकारी हैं, इसलिए पसंद और नापसन्द के आधार पर व्यक्ति को ना चुनें, बल्कि जो उस काम के लिए परफेक्ट हो, उसे अवसर दीजिये। आवश्यक नहीं कि हमें सफलता हर बार प्राप्त हो, कभी असफल भी होना पड़ता है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि उस असफलता से हताश हो कर रह जाएँ, हमारा प्रयास महत्व रखता है। पुनः कोशिश करके सफलता हासिल करेंगे यही हमारी सोच होनी चाहिए। यह हमारे लिए यह गर्व की बात है कि मध्य प्रदेश में हमारे पास ऐसे सक्षम लोक सेवा अधिकारी हैं। लोक सेवा के लिए इनके जनून, उत्कृष्ट कार्यों के लिए इन्हें हमेशा याद किया जाएगा।
- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
(भोपाल में लोक सेवा दिवस के अवसर पर 20 अप्रैल 2018 को आयोजित कार्यशाला में दिये गए उद्बोधन से)

No comments:

Post a Comment