Tuesday, 1 May 2018

मुक बधिर पहलवान राज वर्मा को मिलेगी सहायता
जनसुनवाई संपन्न- डेढ सौ से अधिक आवेदकों की सुनी गयी समस्या
इंदौर 1 मई 2018
      नागरिकों की समस्याओं को सुनने और उनके त्वरित निराकरण के लिये प्रति मंगलवार की तरह इस मंगलवार भी कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई संपन्न हुई। जनसुनवाई में कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े, अपर कलेक्टर सुश्री निधि निवेदिता, अपर कलेक्टर श्री अजयदेव शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने कलेक्टर कार्यालय में नागरिकों की समस्याएं सुनी और उनका यथासंभव मौके पर निराकरण किया।       जिन समस्याओं का मौके पर निराकरण संभव नहीं हुआ, उनके निराकरण के लिए समय सीमा तय की गई। जनसुनवाई में आज रानीपुरा क्षेत्र में रहने वाला 20 वर्षीय मूक बधिर पहलवान भी आया, उसने बताया कि मैं मूक बधिर संगठन में 10 वीं कक्षा का छात्र हूँ। पिछले कई वर्षो से कुश्ती लड़ रहा हूँ। मैंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक प्राप्त किये है। मेरे परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। मुझे किसी तरह की सहायता दी जाय। कलेक्टर श्री वरवड़े ने इस युवा की समस्या को सुना और सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी को निर्देश दिये कि उसकी समस्या का त्वरित निराकरण करें। बताया गया कि इस बालक का प्रस्ताव राज्य स्तर के अवार्ड के लिए भेजा जायेगा, साथ ही शीघ्र ही छात्रवृत्ति की व्यवस्था भी की जायेगी।
      इसी तरह जनसुनवाई में अरन्य नगर में रहने वाला धीरज भी आया। उसने बताया कि मेरे को किडनी की बीमारी है। डायलेसीस होता है। मदद दी जाये। नियमानुसार इसके बीपीएल कार्ड बनाने के निर्देश दिये गये। जनसुनवाई में अधिकतर मामले भूमि संबंधी विवाद, बीपीएल राशन कार्ड बनाने, भरण-पोषण, पारिवारिक विवाद आदि के थे। इनका भी यथासंभव निराकरण किया गया।

No comments:

Post a Comment