Wednesday, 2 May 2018

जिले की तहसीलों का होगा पुनर्सीमांकन
अवैध कॉलोनियों को नियमित करने की कार्यवाही होगी जल्द शुरू
कलेक्टर श्री वरवड़े की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की बैठक संपन्न
इंदौर, 2 मई 2018
    इंदौर जिले में तहसील सीमाओं के  पुनर्सीमांकन की कार्यवाही शीघ्र शुरू होगी । ज्ञात रहे कि राज्य सरकार ने हाल ही में इंदौर शहर के लिए तहसील स्वीकृत की है । साथ ही राज्य शासन द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुरूप इंदौर जिले में भी अवैध कॉलोनियों को नियमित करने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जायेगी।
    यह जानकारी आज यहां कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई राजस्व अधिकारियों की बैठक में दी गयी । बैठक में अपर कलेक्टर सुश्री निधि निवेदिताश्री कैलाश वानखेड़े श्री अजयदेव शर्मा सहित अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित थे  । बैठक में  कलेक्टर श्री वरवड़े ने निर्देश दिये कि अवैध कालोनियो के नियमितीकरण की प्रक्रिया राज्य शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा में की जाय । नियमों का पूरा ध्यान रखा जाय । नियमितकरण के लिये अवैध कालोनियो को चिन्हित कर उनकी सूची सार्वजनिक करें। नियमितीकरण की प्रक्रिया जल्द ही शुरू करने के निर्देश उन्होंने दिये।
    कलेक्टर श्री वरवड़े ने बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिये कि जिले में सभी तैयारियां भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिये गये निर्देशानुसार निर्धारित समयबद्ध कार्यक्रम अनुसार ही की जाय। निर्वाचन कार्य को पूरी गंभीरता से लिया जाय। निर्वाचन कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही और उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने निर्देश दिये कि मतदाता सूची को पूर्ण रूप से शुद्ध बनाया जाय। मतदाता सूची में सभी पात्र मतदाताओं के नाम शामिल किये जाय। मृत्य अथवा अन्यत्र चले गये मतादाताओं के नाम सूची से हटाये जाय। सभी मतदाताओं को फोटोयुक्त मतदाता परिचय पत्र मिल जाय, यह भी सुनिश्चित किया जाय। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों की युक्तियुक्तकरण का कार्य निर्धारित मापदण्ड अनुसार मतदाताओं की सुविधा के अनुसार ही करें। युक्तियुक्तकरण कार्य में जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों का भी सहयोग लें।
    बैठक में कलेक्टर श्री वरवड़े ने पट्टा अधिकार अधिनियम के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने पट्टा बनाने के कार्य को भी जल्दी ही पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि इंदौर शहर में राजस्व विभाग द्वारा जिस भी सेवादार को भूमि दी गई है, वह भूमि वापस लेकर नजूल में दर्ज की जाय। राजस्व संबंधी प्रकरणों को भी समय-सीमा में निराकृत करने के निर्देश दिये।
क्रमांक 11/1056//महिपाल/विजय

No comments:

Post a Comment