गर्मी के मौसम में लू स्वास्थ्य के लिए हानिकारक
लू से बचाव के लिए उपाय अपनाने की दी गई सलाह
इंदौर 03 मई 2018
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार गर्मी के मौसम में बढ़ते हुए तापमान तथा लू से स्वास्थ्य को हानि हो सकती है। लू से बचने के लिए विभिन्न उपाय नागरिकों को अपनाना चाहिए। लू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने आमजन के लिए विभिन्न उपाय अपनाने के लिए सलाह दी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गर्मी के मौसम में बढ़ते तापमान से उल्टी-दस्त, सिर दर्द, शरीर में पानी की कमी होने, बुखार आने, अत्याधिक पसीना होने, बेहोशी, कमजोरी होने, शरीर में ऐठन, नब्ज असामान्य होने आदि लू के लक्षण पाये जाते हैं। सावधानी बरत कर लू से बचा जा सकता है।
लू से बचाव के लिए जरूरी है कि घर से निकलने के पहले भरपेट पानी अवश्य पीये। सूती, ढीले एवं आरामदायक कपड़े पहने। धूप में निकलते समय अपना सिर ढककर रखे इसके लिए टोपी, अंगोछा या छतरी का उपयोग करें। पानी, छांछ, ओआरएस का घोल या घर में बने पेय पदार्थ जैसे लस्सी, नींबू पानी, आम का पना आदि का सेवन करें। भरपेट ताजा भोजन करके ही घर से निकलें और धूप में अधिक न निकलें।
साथ ही धूप में खाली पेट न निकले। पानी हमेशा साथ में रखे। शरीर में पानी की कमी न होने दें। मिर्च मसाले युक्त एवं बासी भोजन न करें। बुखार आने पर ठण्डे पानी की पट्टियां रखे। लू लगने पर कूलर या एयर कंडीशन से धूप में एकदम न निकलें। व्यक्ति को छायादार जगह पर लेटायें। व्यक्ति के कपड़े गीले करें। उसे पेय पदार्थ कच्चे आम का पना आदि पिलायें। तापमान घटाने के लिए ठण्डे पानी की पट्टियाँ रखें। प्रभावित व्यक्ति को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में ले जाकर चिकित्सकीय परामर्श लें।
क्रमांक 14/1059/सिंह/जी
No comments:
Post a Comment