इंदौर जिले की सभी नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में हुई ग्राम सभायें मुख्यमंत्री श्री चौहान के संबोधन का भी हुआ प्रसारण
इंदौर, 08 मई 2018
इंदौर जिले में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के हितार्थ चलाई जाने वाली योजनाओं और कार्यक्रमों के संबंध में जागरूकता लाने के लिए कल सोमवार को जिले में इंदौर नगर सहित सभी नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में विशेष सभाएं आयोजित की गई। इन सभाओं में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के संबोधन का प्रसारण भी दिखाया गया।
ज्ञात रहे कि असंगठित श्रमिकों के पंजीयन के लिए इंदौर जिले में गत अप्रैल माह में विशेष अभियान चलाया गया था। इस अभियान के अंतर्गत जिले में साढ़े 5 लाख श्रमिकों का चिन्हाकंन किया गया हैं। चिन्हित श्रमिकों को योजनाओं के लाभ के संबंध में जानकारी देने के लिए उक्त सभाएं आयोजित की गई।
इन ग्राम सभाओं के सुव्यवस्थित और प्रभावी आयोजन के लिए ग्राम पंचायतवार एक-एक कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई थी। उल्लेखनीय है कि श्री चौहान के मार्गदर्शन में प्रदेश में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण की अनूठी योजना लागू की गई है।
इन विशेष सभाओं में श्रमिक कल्याण योजनाओं और मुख्यमंत्री असंगठित श्रमिक कल्याण योजना के संबंध में जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर प्रसारित संदेश में कहा है कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिक अपनी सुख-सुविधाओं और अधिकारों के लिये आवाज ही नहीं उठा पाते थे। अब राज्य सरकार ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुये असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण और उनकी सेवा की अनूठी योजना बनाई है। इस योजना का लाभ देने के लिये श्रमिकों का पंजीयन किया गया है। श्री चौहान ने कहा कि इस योजना में श्रमिकों को जमीन के पट्टे देने, पक्का मकान देने, उनके बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और इलाज का इंतजाम करने, श्रमिक बहनों को प्रसूति में सहायता देने और श्रम करने के दौरान अपंगता होने पर सहायता राशि देने, दुर्घटना होने पर मुआवजा देने और यहाँ तक कि अंतिम संस्कार के लिये भी सहायता देने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इस योजना में ढ़ाई एकड़ तक की जमीन वाले किसान भी शामिल किये गये हैं, क्योंकि वे खेतिहर श्रमिक की श्रेणी में आते हैं। विशेष ग्राम सभाओं में संबंधित गाँव के पंच-सरपंच अथवा ग्राम सभा के गणमान्य सदस्यों ने मुख्यमंत्री के संदेश का भी वाचन किया।
/महिपाल/जी
No comments:
Post a Comment