Thursday, 12 January 2017


समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये किसानों का किया जायेगा पंजीयन
------
पंजीयन का कार्य 14 जनवरी से होगा शुरू
इंदौर 12 जनवरी, 2017
राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार इस वर्ष भी समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये इस वर्ष भी किसानों का पंजीयन किया जायेगा। पंजीयन का यह कार्य समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिये बनाये गये सभी 46 केन्द्रों पर 14 जनवरी से एक साथ शुरू होगा। पंजीयन का यह कार्य आगामी 14 फरवरी तक किया जायेगा। 
जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री आर.सी.मीणा ने बताया कि जो किसान समर्थन मूल्य पर अपना गेहूं बेचना चाहते हैं, उन्हें पंजीयन कराना अनिवार्य है। पंजीयन के लिये किसानों को अपना आधार नम्बर, समग्र आईडी, बैंक खाते का नम्बर, आईएफसी कोड, मोबाइल नम्बर आदि जानकारी देना होगी। जिन किसानों का आधार नम्बर नहीं आया है, उन्हें आधार का पंजीयन कराकर उसका पंजीयन नम्बर देना होगा। पंजीयन के समय निर्धारित फार्म के साथ ऋण पुस्तिका की छायाप्रति भी संलग्न करना होगी। यदि कृषक द्वारा किसी अन्य कृषक से भूमि सिकमी पर ली गयी है तो उसे अनुबंध-पत्र की प्रति प्रस्तुत करना होगी। उपार्जन समितियों के पदाधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि वे राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार किसानों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर उनका पंजीयन करें। पंजीयन संबंधित उपार्जन केन्द्र पर ही होंगे।
सिंह/कपूर

No comments:

Post a Comment