महाराजा शिवाजी राव स्कूल मैदान में
सैकड़ों स्कूली बच्चों ने किया एक साथ सूर्य नमस्कार
इंदौर 12 जनवरी, 2017
स्वामी विवेकानंदजी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में युवा दिवस के अवसर पर प्रदेश के अन्य जिलों के साथ-साथ इंदौर जिले में भी आज सामूहिक सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम आयोजित किया गया । स्कूलों में यह आयोजन सुबह ठीक 9 बजे से शुरू हुआ।
सामूहिक सूर्य नमस्कार का कार्यक्रम राज्य शासन द्वारा दिये गये दिशा निर्देशों के अनुसार ही किया गया। जिले में सामूहिक सूर्य नमस्कार का मुख्य कार्यक्रम इंदौर के महाराजा शिवाजी राव स्कूल मैदान में आयोजित किया गया। सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में इंदौर जिले के शासकीय और अशासकीय स्कूलों के सैकड़ों विद्यार्थी शामिल हुये। सूर्य नमस्कार का कार्यक्रम सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों तथा महाविद्यालयों में भी आयोजित किया गया ।
युवा दिवस के अवसर पर शिक्षण संस्थाओं, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायत और आश्रम शालाओं में सुबह 9 बजे से सुबह साढ़े 10 बजे तक सूर्य नमस्कार का कार्यक्रम आयोजित किया गया। सूर्य नमस्कार सुबह ठीक 9 बजे शुरू हुआ तथा सुबह 9.20 पर राष्ट्रगीत वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ। सुबह 9.30 बजे मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान का संदेश सुनाया गया। सूर्य नमस्कार में कक्षा 6टी से 12वीं तक के विद्यार्थी शामिल हुये। सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम के रेडियो से सीधे प्रसारण की व्यवस्था की गयी। रेडियो से सीधे प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्रीजी के संदेश का भी प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम में बताया कि सूर्य नमस्कार भारतीय योग परम्परा का अभिन्न अंग है। यह विभिन्न आसन, मुद्रा और प्राणायम का वह समन्वय है जिससे शरीर के सभी अंगों-उपांगों का पूर्ण व्यायाम होता है। आधुनिक युग में हम अपने स्वास्थ्य के प्रति निश्चित ही अधिक सजग हुए हैं तथा इस हेतु विभिन्न उपायों को अपना रहे हैं। इन सभी उपायों में "सूर्य नमस्कार' ऐसी गतिविधि है जो हमारे शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करती है।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती कीर्ति खुरासिया, संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा श्री ओ.एल.मण्डलोई, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।
/राठौर
No comments:
Post a Comment