आनंद उत्सव कार्यक्रमों की शुरूआत आज से
--------
जिले का मुख्य कार्यक्रम तिल्लोर खुर्द में
------
प्रभारी मंत्री श्री मलैया के मुख्य आतिथ्य में होगा कार्यक्रम
इंदौर 13 जनवरी, 2017
राज्य शासन के निर्देशानुसार इंदौर जिले में भी 14 जनवरी से आनंद उत्सव की शुरूआत होगी। जिले का मुख्य कार्यक्रम आज 14 जनवरी को सुबह 11 बजे इंदौर जिले के प्रभारी तथा वित्त मंत्री श्री जयंत मलैया के मुख्य आतिथ्य में ग्राम तिल्लौर खुर्द में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री कविता पाटीदार करेंगी। इस अवसर पर जिले के विधायकगण भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
जिले में आनंद उत्सव 21 जनवरी तक मनाया जायेगा। इस उत्सव के अंतर्गत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी कर दिये गये हैं। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा एक अभिनव पहल करते हुये देश में अपनी तरह का पहला एवं अनूठा आनंद विभाग गठित किया गया है।
राज्य शासन द्वारा दिये गये निर्देशानुसार 14 जनवरी से 21 जनवरी तक पंचायत स्तरीय आनंद उत्सव मनाया जायेगा। इस उत्सव के अंतर्गत गांवों में नियोजित तरीके से खेल-कूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। इस उत्सव के अंतर्गत परम्परागत खेलों जैसे कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी , कुश्ती, व्हालीबॉल, 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़, साइÏक्लग, चम्मच दौड़, निंबू दौड़, बोरा रेस, हैण्डबॉल, थ्रो बॉल सहित स्थानीय स्तर पर खेले जाने वाले स्थानीय खेल आयोजित किये जायेंगे। इन खेलों की प्रतियोगिता 18 वर्ष आयु तक, 18 से 35 वर्ष आयु तक तथा 35 वर्ष से अधिक आयु समूह के लिये अलग-अलग आयोजित होगी। जिले के सभी 312 ग्राम पंचायतों के 610 ग्रामों में यह खेल आयोजित किये जायेंगे। इसके लिये 63 क्लस्टर बनाये गये हैं। कलेक्टर श्री नरहरि ने इस उत्सव का आयोजन प्रभावी रूप से करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने आह्वान किया है कि आनंद विभाग के अंतर्गत अधिक से अधिक स्वयंसेवी कार्यकर्ताओं का आनंदक के रूप में पंजीयन करवाया जाये।
महिपाल/कपूर
No comments:
Post a Comment