नगर निगम को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में तेजी लाने के सख्त निर्देश
इंदौर 4 फरवरी, 2017
कलेक्टर श्री पी.नरहरि की अध्यक्षता में आज एआईसीटीएसएल सभाकक्ष में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। इस अवसर पर कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने कहा कि इंदौर शहर को स्मार्ट बनाने के लिये जनता, प्रशासन और नगर निगम का सहयोग और समन्वय जरूरी है। इंदौर नगर को श्रेष्ठ नगर बनाने के लिये स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को तेजी से लागू करने की जरूरत है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में गरीबों को आवास, चौड़ी सड़कें, सिवरेज सिस्टम, अंडर ग्राउण्ड विद्युत लाइन और अंडर ग्राउण्ड पेयजल पाइप लाइन की व्यवस्था की जा रही है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत नगर निगम इंदौर द्वारा राजबाड़ा, छत्रीबाग, गोपाल मंदिर, दुर्गा मंदिर आदि का शीघ्र ही कायाकल्प किया जायेगा। सिर्फ राजबाड़ा के कायाकल्प पर लगभग 12 करोड़ रूपये खर्च होंगे। सुभाष मार्ग,बियावानी और गणेशगंज मार्ग का चौड़ीकरण स्मार्ट सिटी के अभिन्न अंग हैं।
कलेक्टर श्री नरहरि ने नगर निगम अधिकारियों से कहा कि वे कोई भी प्रोजेक्ट लागू करने से पहले जनता से ऑन लाइन दावे-आपत्तियां अवश्य प्राप्त करें और जनता के अच्छे सुझावों को लागू भी करें। उन्होंने कहा कि रिवर फ्रन्ट साइड, सीपी शेखर नगर, एमओजी लाइन, जिंसी हाट आदि का भी तेजी से विकास किया जाये।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री मनीष सिंह ने बताया कि नगर निगम इंदौर विकास के लिये कृतसंकल्पित है। इंदौर नगर में नगर निगम द्वारा लगभग 10 हजार सेन्ट्रल लाइटिंगयुक्त स्मार्ट पोल लगाये जायेंगे,जिसका टेण्डर हो गया है। इंदौर नगर में साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, नगर निगम गाड़ियों में जीपीएस सिस्टम,एलईडी लाइटिंग, इलेक्ट्रिक व्हीकल रिचार्जिंग,वाईफाई आदि को लागू करने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय,डिप्टी कलेक्टर श्री नरेन्द्र नाथ पाण्डे, नगर निगम के जोनल अधिकारी मौजूद थे।
No comments:
Post a Comment