Saturday, 4 February 2017

8 फरवरी को दशहरा मैदान में लगेगा विशाल अंत्योदय मेला
हजारों हितग्राहियों को मिलेगा शासकीय योजनाओं का लाभ
इंदौर 4 फरवरी, 2017
कलेक्टर श्री पी.नरहरि की अध्यक्षता में आज एआईसीटीएसएल सभाकक्ष में 8 फरवरी को दशहरा मैदान में आयोजित होने वाले अंत्योदय मेले के संबंध में बैठक आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता करते हुये कलेक्टर श्री नरहरि ने कहा कि नगर निगम और जनपद पंचायत द्वारा अंत्योदय मेले में हितग्राहियों की पहचान कर अधिकाधिक हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाये। अंत्योदय मेले में  स्वरोजगार मेला भी आयोजित किया जायेगा। मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना के तहत विभिन्न बैंकर्स द्वारा हितग्राहियों को स्वरोजगार प्रकरण भी स्वीकृत किये जायेंगे। मेले में दोपहर 2 बजे एलईडी के जरिये मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान का भाषण भी प्रसारित किया जायेगा। 
कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने बताया कि मेले में नगर निगम के जोनल अधिकारी जोनवार हितग्राहियों का चयन कर परिवहन विभाग द्वारा दी गयी बसों में हितग्राहियों का लाया और ले जाया जायेगा। हितग्राहियों को पेयजल और भोजन की व्यवस्था भी मेले में रहेगी। मेले में नगर निगम, जनपद पंचायत, महिला एवं बाल विकास, श्रम और सामाजिक न्याय विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। जिला प्रशासन के प्रमुख विभागों द्वारा अंत्योदय मेले में स्टॉल लगाये जायेंगे। मेले में नगर निगम द्वारा चालकों और परिचालकों को भी लाभान्वित किया जायेगा। मेले में लगभग 25 हजार हितग्राहियों को आदान सामग्री वितरित की जायेगी। बैठक में एडीएम श्रीमती राखी सहाय,नगर निगम आयुक्त श्री मनीष सिंह, अपर आयुक्त श्री देवेन्द्र सिंह,संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय डॉ.राजश्री राय, नगरीय क्षेत्र के नगर निगम के उपायुक्त, सिटी इंजीनियर आदि मौजूद थे।





No comments:

Post a Comment