Sunday, 19 February 2017

ऊर्जा मंत्री द्वारा 5 करोड़ रूपये से निर्मित उर्जा भवन लोकार्पित
----
राज्य शासन का लक्ष्य उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधायें उपलब्ध कराना है -- ऊर्जा मंत्री श्री जैन
इंदौर 19 फरवरी, 2017
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री पारस जैन ने आज मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी पश्चिम क्षेत्र परिसर में 5 करोड़ 40 लाख 90 हजार रूपये की लागत से निर्मित ऊर्जा भवन का लोकार्पण किया। श्री जैन ने इसी परिसर में 50 सीटर कॉल सेंटर का लोकार्पण भी किया। उन्होंने मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी पश्चिम क्षेत्र के 40 कार्यालयों को आईएसओ प्रमाण-पत्र भी वितरित किये। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य शासन उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधायें उपलब्ध कराना चाहता है। इसीलिये आज कॉल सेंटर की स्थापना की गयी है। कॉल सेंटर के जरिये प्राप्त शिकायतों का शीघ्रातिशीघ्र निराकरण किया जायेगा। राज्य शासन प्रदेश की जनता को 24 घण्टे बिजली, बेहतर सड़क और हर गांव में पेयजल मुहैया करा रही है। पिछले 13 साल में जितना काम हुआ है, उतना काम उससे पहले 50 सालों में भी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि 2003 से पहले प्रदेश में मात्र 4 हजार मेगावाट बिजली पैदा होती थी, मगर अब साढ़े 17 हजार मेगावाट बिजली प्रदेश में पैदा हो रही है। उन्होंने प्रदेश की जनता को वृक्षारोपण करने, नर्मदा शुद्धिकरण में सहयोग करने और नशामुक्ति अभियान में भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्युत मण्डल उपभोक्ताओं की सेवा के साथ-साथ सामाजिक दायित्व का भी निर्वहन कर रहा है।
इस अवसर पर इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 3 की विधायक सुश्री उषा ठाकुर ने कहा कि विद्युत वितरण कम्पनी का कॉल सेंटर संवेदनशील प्रशासन का जीवंत उदाहरण है। सुविधा सम्पन्न प्रशासनिक भवन से निश्चित रूप से विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी।
इस अवसर पर विद्युत वितरण कंपनी पश्चिम क्षेत्र के प्रबंध निदेशक श्री आकाश त्रिपाठी ने कहा कि विद्युत वितरण कंपनी उपभोक्ताओं की समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण कर रही है। 1912 कॉल सेंटर से 99.4 प्रतिशत लोक संतुष्ट हैं। विद्युत वितरण कंपनी की माली हालत में अपेक्षाकृत सुधार आया है। इंदौर-उज्जैन संभाग के सभी जिलों के उपभोक्ता टोल फ्री नम्बर 1912 पर शिकायत करके शीघ्रातिशीघ्र अपनी समस्याओं का निराकरण कर सकते हैं। पिछले 2 साल में 3 लाख 80 हजार समस्याओं का निराकरण इसी टोल फ्री नम्बर से किया गया। पहले यह टोल फ्री सेंटर 20 सीटर था और अब 50 सीटर हो गया है। इसी टोल फ्री नम्बर पर शिकायत करने पर तीन घण्टे में ही समस्या का समाधान हो जाता है। इसी टोल फ्री नम्बर पश्चिम क्षेत्र के 24 शहरों में लागू है। इस परिसर में सोलर सिस्टम भी शीघ्र ही लगाया जायेगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
सिंह/कपूर








No comments:

Post a Comment