Tuesday, 23 May 2017

इंदौर जिले में आगामी 2 जुलाई को वृक्षारोपण अभियान में 
उत्कृष्ठ सहयोग देने वाली संस्थाओं, संगठनों को किया जायेगा पुरस्कृत
------
एक ही दिन में एक साथ रोपे जायेंगे 15 लाख से अधिक पौधे
------
स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं आदि ने 
अधिक से अधिक सहयोग देने का लिया संकल्प
-----
जिला पंचायत में कन्ट्रोल रूम स्थापित
इंदौर 23 मई, 2017
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की पहल पर इंदौर जिले में भी हरियाली महोत्सव तथा नमामि देवि नर्मदे सेवा महाअभियान के अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जायेगा। इसके तहत आगामी दो जुलाई को इंदौर जिले में विभिन्न शासकीय विभागों तथा स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से एक ही दिन में 15 लाख से अधिक पौधे रोपे जायेंगे। इस दिन वृक्षारोपण अभियान में उत्कृष्ट सहयोग देने वाली संस्थाओं तथा संगठनों को पुरस्कृत किया जायेगा। रोपे गये पौधों की सुरक्षा तथा सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था भी की जायेगी। जिले में इस महोत्सव के अंतर्गत वृक्षारोपण अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं आदि ने अधिक से अधिक सहयोग देने का संकल्प लिया है।
कलेक्टर श्री पी.नरहरि की अध्यक्षता में आज यहां सम्पन्न हुई बैठक में इस अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने बैठक में उपस्थित सभी स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं, धार्मिक संगठनों आदि से अधिक से अधिक सहयोग देने का आग्रह किया। श्री पी.नरहरि ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह अभियान एक बड़ा कदम है। इस अभियान के अंतर्गत नागरिकों को आगे आकर अधिक से अधिक सहयोग करना चाहिये। उन्होंने कहा कि राज्य शासन ने निर्णय लिया है कि प्रदेश में इस वर्ष आगामी 2 जुलाई को एक ही दिन में ढ़ाई करोड़ पौधे रोपे जायेंगे। इंदौर जिले को 15 लाख पौधरोपण करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इस लक्ष्य की पूर्ति के लिये जनसहभागिता से विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा कारगर प्रयास किये जायेंगे।
जिला पंचायत में कन्ट्रोल रूम स्थापित
हरियाली महोत्सव के अंतर्गत किये जाने वाले पौधरोपण के संबंध में जानकारी संकलित करने और संस्थाओं तथा नागरिकों के सहयोग के लिये जिला पंचायत इंदौर में कन्ट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इस कन्ट्रोल रूम का नम्बर 0731- 2460118 है। इस कन्ट्रोल रूम का प्रभारी तकनीकी विशेषज्ञ श्री जमाल अहमद खान को बनाया गया है। श्री खान का मोबाइल नम्बर 98263-56338 है। सहायक नोडल अधिकारी श्री विजय शंकर मिश्रा रहेंगे। इनका मोबाइल नम्बर 98276-62464 है। कन्ट्रोल रूम का ई-मेल एड्रेस ceozpind@mp.gov.in  तथा  hm.zpindore@gmail.com है।
फोटो के माध्यम से होगी पौधरोपण की मॉनिटरिंग
बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की पहल पर आगामी 2 जुलाई को वृक्षारोपण का महाअभियान चलाया जायेगा। इस दिन 15 लाख से अधिक पौधे रोपे जायेंगे। पौधरोपण का यह कार्य विभिन्न शासकीय विभागों,स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, नागरिकों आदि के माध्यम से किया जायेगा। श्री नरहरि ने निर्देश दिये कि वे वृक्षारोपण के लिये जिस स्थान का चयन कर रहे हैं, उसका फोटोग्राफस भेजें। पौधरोपण के पहले, पौधरोपण करते हुये तथा पौधरोपण के पश्चात के फोटो भी जिला पंचायत में बनाये गये कन्ट्रोल रूम को अनिवार्य रूप से उपलब्ध करायें। साथ ही अभियान के अंतर्गत रोपे गये पौधों की बड़े होने तक सुरक्षा और सिंचाई की व्यवस्था की जाये। इसके लिये विभागवार कार्ययोजना बनायी गयी है। सभी शासकीय विभागों को लक्ष्य भी सौंप दिये गये हैं।
/महिपाल/कपूर

No comments:

Post a Comment