Monday, 22 May 2017


 

इंदौर जिले के सभी शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों में 
अग्निशमन सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध रहेंगे
---------
समय-सीमा के आवेदनों का निराकरण नहीं करने वालों के विरूद्ध होगी कार्यवाही
---------
अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न
इंदौर 22 मई, 2017
इंदौर जिले के सभी शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों में अग्निशमन सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध रहेंगे। साथ ही लोक सेवा गारंटी अधिनियम, सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई सहित अन्य समयावधि की योजनाओं के अंतर्गत आवेदनों का निराकरण तय समय-सीमा में नहीं करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी।
यह जानकारी आज यहां कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने कलेक्टर कार्यालय में सम्पन्न हुई अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक में दी। बैठक में अपर कलेक्टर श्री शमीमद्दीन सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे अपने कार्यालय में यह सुनिश्चित करें कि अग्निशमन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहें। वे यह भी देखें कि उनके कार्यालयों में अनुपयोगी कागजों का ढेर न रहे। अगर अनुपयोगी कागजों का ढेर है तो उसका नियमानुसार निपटान करें। साथ ही वे यह भी देखें कि कहीं कचरा नहीं हो। कार्यालयों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। कार्यालयों तथा संस्थानों में यथासंभव प्रारंभिक रूप से आग बुझाने के साधन जैसे रेती, पानी आदि की व्यवस्था रहे। सभी कार्यालय प्रमुख आवश्यकता पड़ने पर अग्निशमन सुरक्षा विभाग के अधिकारियों से सम्पर्क कर अपने कार्यालय के आवश्यकता के अनुरूप अग्निशमन सुरक्षा के उपाय करें।
बैठक में कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम, सीएम हेल्प लाइन, जनसुनवाई, समाधान ऑन लाइन सहित अन्य समयावधि की योजनाओं और कार्यक्रमों के तहत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रगति की अधिकारीवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिये कि इन योजनाओं को प्रभावी रूप से क्रियान्वयन किया जाये। क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने कहा कि लापरवाही करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। बैठक में हरियाली महोत्सव तथा नमामि देवि नर्मदे अभियान के तहत आगामी 2 जुलाई को किये जाने वाले व्यापक वृक्षारोपण कार्य की प्रारंभिक तैयारियों की समीक्षा की।
श्व्
महिपाल/कपूर

No comments:

Post a Comment