संभागायुक्त द्वारा इन्दौर-दाहोद तथा सनावद-खण्डवा
नई रेल लाइन हेतु भू-अर्जन कार्य की समीक्षा
-----
भू-अर्जन कार्य शीघ्रता से पूरा करने के निर्देश
-----
शासकीय भूमियों के हस्तान्तरण हेतु प्रस्ताव भिजवाने हेतु
रेल्वे के अधिकारियों को भी दिए निर्देश
इन्दौर, 26 मई 2017
संभागायुक्त श्री संजय दुबे ने शुक्रवार को आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में इन्दौर-दाहोद तथा सनावद-खण्डवा नई रेल लाइन के लिये भू-अर्जन कार्य की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर झाबुआ श्री आशीष सक्सेना, एडीएम इन्दौर श्री अजयदेव शर्मा, उपायुक्त राजस्व श्रीमती सपना शिवाले, संयुक्त कलेक्टर धार श्री दारासिंह ठाकरे, प्रभारी अधिकारी भू-अर्जन खण्डवा के अलावा रेल्वे के मुख्य अभियन्ता व कार्यपालिक अभियन्तागण मौजूद थे।
बैठक में संभागायुक्त श्री दुबे ने जिलेवार नई रेल लाइन के लिये भू-अर्जन कार्य की प्रगति की समीक्षा की तथा निर्देश दिये कि भू-अर्जन कार्य शीघ्रता से पूरा करें ताकि रेल्वे जमीन का कब्जा लेकर निर्माण कार्य चालू कर सके। बैठक में बताया गया कि झाबुआ जिले में निजी भूमि का भू-अर्जन का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है तथा रेल्वे को भूमि का कब्जा भी दे दिया गया है। झाबुआ जिले में राजस्व भूमि के हस्तान्तरण के प्रस्ताव भी तैयार कर कलेक्टर कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश रेल्वे के अधिकारियों को दिये ताकि राजस्व भूमि को हस्तान्तरित करने की अनुमति दिए जाने हेतु प्रस्ताव राज्य शासन को भिजवाया जा सके। इन्दौर जिले में 203 किसानों में से 185 किसानों को मुआवजा वितरण किया जा चुका है। केवल 18 किसानों को मुआवजा वितरण किया जाना है। रेल्वे अधिकारियों ने टिही रेल्वे स्टेशन पहुंच मार्ग के लिये भूमि विवाद तथा बंजारी टनल पर अतिक्रमण से संबंधित समस्या रखी। इस संबंध में संभागायुक्त श्री दुबे ने एडीएम श्री शर्मा को निर्देशित किया कि वे संबंधित क्षेत्र के एसडीएम को निर्देशित कर तीन दिन में सीमांकन कराकर विवाद का निराकरण करवाना सुनिश्चित करें।
बैठक में धार जिले में भू-अर्जन कार्य की भी विस्तार से समीक्षा की गई। बताया गया कि धार जिले में 13 गाँव में भू-अर्जन का कार्य जारी है। इनमें से चार गाँवों में अवार्ड पारित हो चुके हैं। शेष गाँवों में धारा-21 व अन्य धाराओं में कार्यवाही प्रचलित है। संभागायुक्त श्री दुबे ने भू-अर्जन कार्य में तेजी लाने तथा शीघ्रता से पूरा करने के निर्देश दिये। खण्डवा जिले में 12 गाँव में भू-अर्जन का कार्य किया जा रहा है। यहाँ सात गाँवों में वन भूमि आने से भू-अर्जन कार्य में समस्या बताई गई। संभागायुक्त श्री दुबे ने वन मण्डलाधिकारी से चर्चा कर समस्या का हल करने के निर्देश दिये। यह भी बताया गया कि पाँच गाँव में राजस्व भूमि के हस्तान्तरण के प्रस्ताव शासन स्तर पर अनुमति हेतु भिजवाये गये हैं। इन मामलों में अग्रिम कब्जा दिये जाने पर चर्चा की गई। रेल्वे के अधिकारियों ने जिन भूमियों का भू-अर्जन हो चुका है तथा रेल्वे ने कब्जा भी ले लिया है, उन भूमियों का राजस्व रिकार्ड में रेल्वे के नाम से नामांतरण करवाये जाने का भी अनुरोध किया।
भदौरिया/बटके
No comments:
Post a Comment