अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आज
-----
राजस्व मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में
ब्रिालियेंट कान्वेंशन सेंटर में होगा मुख्य कार्यक्रम
------
जिले में जगह-जगह विभिन्न संस्थाएं और संगठन भी आयोजित करेंगें योग कार्यक्रम
इंदौर 20 जून, 2017
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की विशेष पहल पर शुरू किए गए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह तीसरा वर्ष हैं। प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इंदौर जिले में जगह-जगह विभिन्न संस्थाएं और संगठन भी सामूहिक योग के कार्यक्रम आयोजित करेंगें। इन कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों की संख्या में नागरिक एक साथ योग करेंगें। जिला प्रशासन द्वारा योग का मुख्य कार्यक्रम ब्रिालियेंट कान्वेंशन सेंटर में सुबह 6 बजे से आयोजित किया गया हैं। यह कार्यक्रम राजस्व मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में होगा।
ब्रिालियेंट कान्वेंशन सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 3 हजार विद्यार्थी और अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक भाग लेंगे। जिले में सभी स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संस्थाओं में भी एक-साथ सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। इंदौर जिले में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिव्यांगजन भी अपने स्तर से सहयोग करेंगें। आयुष मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार 21 जून को तृतीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जायेगा। इस अवसर पर निर्धारित कॉमन प्रोटोकॉल के अनुसार कार्यक्रम आयोजित कर सामूहिक योग का प्रदर्शन किया जायेगा।
आयुष मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार 21 जून, 2017 को जिला स्तर के साथ-साथ विकासखण्ड व पंचायत मुख्यालय तक सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। सामुहिक योग प्रदर्शन कार्यक्रम प्रदेशभर में एक साथ ऑल इंडिया रेडियो से प्रसारित संकेतों के आधार पर किया जायेगा। जिला प्रशासन द्वारा आयोजन स्थल पर टेंट, साउण्ड सिस्टम, मेटिंग, चादर, पेयजल व्यवस्था, मैदान की साफ-सफाई, मार्किंग, फ्लैक्स, रेडियों, एलसीडी स्क्रीन आदि की व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा कर विस्तार से निर्देश दिये गये हैं।
कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। जिला स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शहर के सभी शासकीय विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को भाग लेने हेतु कहा गया। शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के कक्षा 7 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के साथ ही महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्रायें एनसीसी व एनएसएस के दलों की भी भागीदारी हेतु शैक्षणिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया। कार्यक्रम में योग से जुड़ी संस्थाओं के साथ ही स्वैच्छिक संगठनों तथा आमजन की भागीदारी हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु दिशा-निर्देश दिये गये।
सामूहिक योग प्रदर्शन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की संख्या की जानकारी जिला शिक्षा कार्यालय में बनाये गये कन्ट्रोल रूम में दूरभाष क्रमांक 0731-2380709 अथवा ई-मेल आईडी deoind_mp@nic.in पर 21 जून को ही दोपहर तीन बजे तक आवश्यक रूप से देना सुनिश्चित करें।
पल प्रतिपल कार्यक्रम जारी
आयुष विभाग भारत सरकार द्वारा जारी कॉमन प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योग कार्यक्रम किया जाना है। प्रात: साढ़े 6 बजे सभी सहभागीगण कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होंगे। प्रात: 6.45 बजे मुख्य आयोजन स्थल पर अतिथिगणों का आगमन होगा। प्रात: 6.47 बजे मध्यप्रदेश गान का गायन, प्रात: 6.50 बजे मुख्यमंत्रीजी के संदेश का वाचन होगा। तत्पश्चात प्रात: 7 बजे से 8 बजे तक सामान्य योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। अंत में अतिथियों व सहभागियों का आभार प्रदर्शन किया जाकर कार्यक्रम का समापन होगा।
महिपाल/गरिमा
No comments:
Post a Comment