Tuesday, 27 June 2017


नवागत कलेक्टर की पहली जनसुनवाई 
------
आवेदकों को सामने कुर्सी पर बिठाकर वन-टू-वन शिकायतों को सुना 
----
जनसुनवाई में हर कोई आवेदक दिखा संतुष्ट 
------
आगामी मंगलवार से आवेदकों को वितरित होंगे टोकन
------
जिला अधिकारियों ने भी की अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई 
इंदौर, 27 जून 2017 
नवागत कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने आज मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में पहली जनसुनवाई की। जनसुनवाई का स्वरूप बदला हुआ नजर आया। कलेक्टर ने आवेदकों को सामने कुर्सी पर बिठाकर वन-टू-वन शिकायतों को सुना। जनसुनवाई की नवीन व्यवस्था से हर आवेदक संतुष्ट दिखाई दिया। कई आवेदकों ने जनसुनवाई में कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े द्वारा संजीदगी से समस्याएं सुने जाने व त्वरित कार्यवाही किये जाने की प्रशंसा भी की। कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला अधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई की। 
जनसुनवाई में भारी संख्या में आवेदकों की उपस्थिति को देखते हुए कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने बताया कि आगामी मंगलवार से आवेदकों को टोकन वितरण किया जायेगा, ताकि आवेदकों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो और अपने बारी का इंतजार बैठे-बैठे कर सकें। कलेक्टर श्री वरवड़े ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई करेंगे। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई को सीएम हेल्पलाइन के साथ जोड़ दिया गया है तथा जनसुनवाई में प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों की इंट्री अब सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर की जायेगी। उन्होंने बताया कि सीएम हेल्पलाइन में आवेदन दर्ज होने से आवेदकों को बार-बार नहीं आना पड़ेगा। एक बार आवेदन देने के बाद जब तक आवेदक संतुष्ट नहीं हो जायेगा, तब तक वह आवेदन निराकरण की प्रक्रिया में रहेगा। 
जनसुनवाई में आवेदक चुन्नीलाल ने बताया कि वह मिस्त्री का काम करता था। 6-7 माह से उसके हाथ रह गये हैं, जिससे वह अब मिस्त्री का काम नहीं कर पाता है। आवेदक चुन्नीलाल ने इलाज हेतु सहायता दिये जाने की माँग की। कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने आवेदक से भवन एवं संनिर्माण कर्मकार मण्डल के कार्ड के संबंध में पूछताछ की। कार्ड नहीं होने से उन्होंने लोक सेवा गारण्टी में आवेदन दर्ज कराने तथा बीपीएल की पात्रता का संबंधित एसडीएम के माध्यम से जाँच कराने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने आवेदक को समझाईस दी कि यदि वह बीपीएल में पात्र पाया जायेगा तो उसका नि:शुल्क इलाज शासकीय योजना में करवाया जायेगा। 
पंचशील नगर निवासी सोनू ने बताया कि उसको दाँत व गले में गंभीर बीमारी है। इस बीमारी के इलाज के लिये मदद की आवश्यकता है। आवेदिका ने बताया कि वह अरविंदो अस्पताल में अपना इलाज कराना चाहती है। कलेक्टर श्री वरवड़े ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जिला बीमारी सहायता निधि में प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिये।
जनसुनवाई में गाँधी नगर निवासी दृष्टिहीन दंपति श्री लीलाधर ढोटे व अनिता ढोटे ने हाउसिंग फॉर आल योजना में आवास आवंटित किये जाने की गुहार लगाई। आवेदकों ने बताया कि उन्होंने इसके लिये नगर निगम में भी आवेदन दिया है। दोनों बीपीएल श्रेणी में भी आते हैं। कलेक्टर श्री वरवड़े ने दंपति को आश्वस्त किया कि नगर निगम के आयुक्त से चर्चा कर वह हाउसिंग फॉर आल योजना में आवास की उपलब्धता को चेक कराएंगे। यदि दिव्यांग श्रेणी के लिये आरक्षित आवासों में कोई आवास उपलब्ध हुआ तो आवास प्रदान करने के लिये निर्देशित करेंगे। जनसुनवाई में राजवाड़ा इंदौर निवासी आंशिक दृष्टिहीन गुलबसा खान ने बताया कि उसके पिता बेरोजगार है तथा बीपीएल श्रेणी में हैं। दृष्टिहीन होने के बावजूद उसे कोई पेंशन नहीं मिल रही है और रोजगार की व्यवस्था न होने से आर्थिक कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर श्री वरवड़े ने आश्वस्त किया कि वे स्वरोजगार व नि:शक्त पेंशन संबंधी पात्रता का परीक्षण कराकर उपयुक्त कार्यवाही करवाएंगे। 
जनसुनवाई में चितावड़ इंदौर निवासी संजय यादव ने अपने पुत्र अंश यादव के ह्मदय में छेद होने से हार्ट का ऑपरेशन कराये जाने हेतु सहायता की माँग की। कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने मौके पर ही स्वास्थ्य विभाग के डीपीएम को बुलाकर मुख्यमंत्री बाल ह्मदय उपचार योजना में प्रकरण तैयार करने व वाल्व का ऑपरेशन नि:शुल्क करवाये जाने हेतु निर्देशित किया। आवेदक ने बताया कि अस्पताल द्वारा हार्ट के ऑपरेशन के लिए 95 हजार रूपये का स्टीमेट दिया गया है। कलेक्टर श्री वरवड़े ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिये कि जिले में बच्चों के ह्मदय में छेद के यदि अन्य प्रकरण भी हो तो उनके ऑपरेशन के लिये मुख्यमंत्री बाल ह्मदय उपचार योजना में प्रकरण तैयार कर नि:शुल्क ऑपरेशन कराये जायें। 
 /भदौरिया/वटके 
 

No comments:

Post a Comment