सांसद निधि से स्वीकृत कार्य समय-सीमा में पूरा करें ---सांसद श्रीमती महाजन
काम की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश
सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना की मार्गदर्शिका के नियमों का पालन करने के सख्त निर्देश
इंदौर 5 जून, 2017
लोकसभा अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय सांसद श्रीमती सुमित्रा महाजन की अध्यक्षता में आज रेसीडेंसी कोठी सभाकक्ष में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। इस अवसर पर श्रीमती महाजन ने कहा कि सांसद निधि से स्वीकृत कार्य समय-सीमा में पूरा करें तथा काम की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाये। निर्माण कार्य करते समय सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना की मार्गदर्शिका का कड़ाई से पालन किया जाये।
श्रीमती महाजन ने कहा कि सांसद निधि से उल्लेखनीय कार्य जिले में कराये जा रहे हैं, सांसद निधि से ही सिरपुर तालाब को पक्षी विहार के रूप में विकसित किया जा रहा है। सांसद निधि से ही पहली बार इंदौर जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता वाहन के लिये राशि स्वीकृत की गयी है। अब अन्य ग्राम पंचायतों के सरपंच भी स्वच्छता वाहन के लिये राशि की मांग कर रहे हैं। भारत सरकार के स्वच्छता मिशन के तहत यह एक उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है। सांसद निधि से सीसी रोड़, सामुदायिक भवन, सामुदायिक वाचनालय आदि स्वीकृत किये गये हैं। हमारा उद्देश्य जनता को मूलभूत सुविधायें मुहैया कराना है। कोई भी निर्माण कार्य जनता और जनप्रतिनिधियों के अनुरोध पर स्वीकृत किया जाता है।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने कहा कि सांसद निधि के तहत स्वीकृत कार्य समय-सीमा में पूरे किये जायेंगे तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जायेगा। उन्होंने संयुक्त संचालक योजना श्रीजे.पी.परिहार को निर्देशित किया कि वे सांसद निधि के कार्य समय-सीमा में स्वीकृत हेतु प्रस्तुत करें। प्रशासकीय स्वीकृति और वित्तीय स्वीकृति में किसी तरह का विलंब नहीं होना चाहिये। बैठक में संयुक्त संचालक योजना श्री जे.पी.परिहार ने बताया कि 2014 से अब तक सांसद निधि से श्रीमती महाजन द्वारा 17 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गयी है, जिसमें से 14 करोड़ 40 लाख 27 हजार रुपये की राशि खर्च की जा चुकी है। 2017-18 में 2 करोड़ 50 लाख के निर्माण कार्य स्वीकृत किये गये हैं, जिसमें से एक करोड़ 98 लाख 96 हजार रुपये स्वीकृत किये जा चुके हैं। वर्ष 2014-15 में सांसद निधि से 4 करोड़ 97 लाख रुपये, 2015-16 में 5 करोड़ 37 लाख रुपये के निर्माण कार्य स्वीकृत कर कार्यों का पूर्णता प्रमाण5पत्र जारी किया जा चुका है। 2016-17 के 90 प्रतिशत काम पूरे हो चुके हैं तथा 18 लाख 40 हजार रुपये में 14 लाख 46 हजार रुपये व्यय किये जा चुके हैं।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि एवं उपाध्यक्ष नागरिक आपूर्ति निगम श्री देवराज सिंह परिहार, विधायक सर्वश्री सुदर्शन गुप्ता, सुश्री उषा ठाकुर, श्री महेन्द्र हार्डिया, आयुक्त नगर निगम श्री मनीष सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती कीर्ति खुरासिया, श्री महेश जोशी के अलावा, ग्रामीण विकास, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
सिंह/कपूर
No comments:
Post a Comment