नकली खाद,बीज,कीटनाशक विक्रय करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाये
………
खरीफ में सोयाबीन के स्थान पर दूसरी फायदे वाली फसलों को बोने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जाये
……
एस.ए.डी.ओ फील्ड में रहकर किसानों को उचित मार्गदर्शन दें
……
कलेक्टर द्वारा कृषि, उद्यानिकी व संबंधित विभागों की गतिविधियों की समीक्षा
इंदौर 05 जुलाई 2017
कलेक्टर श्री निशांत वरवडे ने बुधवार को कृषि, उद्यानिकी व पशु चिकित्सा सेवाएं तथा संबंधित विभागों की गतिविधियों की समीक्षा की तथा चालू खरीफ 2017 के लिए कृषि आदानों की व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होने कहा कि किसानों को नकली खाद, बीज, कीटनाशक बेचने वाली कम्पनियों, फर्मो व विक्रताओं के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायें। ऐसे विक्रताओं के विरूद्ध पुलिस में एफ.आई.आर दर्ज कराई जाये।
बैठक में मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती कीर्ति खुरसिया के अलावा कृषि, उद्यानिकी, पशु चिकित्सा सेवाएं, सहकारिता, मत्स्य पालन, दुग्ध संघ आदि विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद थे। बैठक में बताया गया कि जिलें में खरीफ 2017 में 2 लाख 48 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य रखा गया हैं जिसमें से अकेले सोयाबीन की फसल 2 लाख 16 हजार 500 हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी होगी। कलेक्टर श्री वरवडे ने उपसंचालक कृषि को सोयाबीन के स्थान पर दूसरी ज्यादा फायदे वाली फसलों को बोने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग द्वारा बताया गया कि किसानों को मक्का, ज्वार, मूंग, उडद आदि फसलें लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा हैं। जिले में खरीफ फसलों की बोनी जारी हैं। कलेक्टर श्री वरवडे ने जिले में ड्राई स्पेल के कारण कहीं फसलों को कोई नुकसान तो नहीं हुआ हैं, के बारे में पूछताछ की। उन्होने कहा कि सभी एस.ए.डी.ओ फील्ड में रहें तथा किसानों को दूसरी फायदे वाली फसलें बोने तथा आधुनिक कृषि पद्धतियों व तकनीकि सलाह देवें। बैठक में मृदा स्वास्थ कार्ड वितरण की भी समीक्षा की गयी व आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।
कलेक्टर श्री वरवडे ने उद्यानिकी, पशु चिकित्सा सेवाएं तथा मत्स्य पालन विभाग की गतिविधियों की समीक्षा की। उद्यानिकी विभाग द्वारा फल, फूल, मसाला विस्तार के लिए जिले में किए जा रहें प्रयासों के संबंध में जानकारी ली गई। प्रधानमंत्री कृषि सिचांई योजना में लक्ष्यानुसार प्रगति बताई गई। मत्स्य पालन विभाग के अंतर्गत जिले में 213 तालाब बताये गये । कलेक्टर श्री वरवड़े ने सभी तालाबों में बीज डालने तथा मछली पालन को बढ़ावा देने के लिये निर्देशित किया। उन्होंने खनन क्षेत्रों में खनन के कारण बने तालाबों में भी मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के निर्देश दिये। यह भी कहा कि जिले में प्रोन्स के पालन को भी बढ़ावा दिया जावे। बैठक में किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड की स्थिति की भी समीक्षा की गई। सभी किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड व मछुआरों के मछुआ क्रेडिट कार्ड बनवाए जाने के लिये निर्देशित किया। आगे से कृषि से संबंधित बैठक में जिला प्रबंधक अग्रणी बैंक को भी बुलाए जाने हेतु कहा। दुग्ध संघ की गतिविधियों की समीक्षा करते हुये निर्देश दिए कि सांची के उत्पादों को मार्केट में प्रतियोगी बनाएं। साथ ही सांची के उत्पादों के विक्रय हेतु पार्लर कहां-कहां खोलना चाहते हैं वह भी प्रस्ताव भिजवाएं। पार्लर खोलने में विधवा महिलाओं व दिव्यांगों को प्राथमिकता दी जावे।
विभागों की गतिविधियों से पहले सीएम हेल्पलाइन व लोक सेवा गारंटी की समीक्षा होगी
कलेक्टर श्री वरवड़े ने कृषि व संबंधित विभागों की गतिविधियों की समीक्षा करते हुये अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिकारीगण सीएम हेल्पलाइन व लोक सेवा गारंटी प्रदाय अधिनियम के पोर्टल में लंबित आवेदनों को प्रतिदिन देखने की आदत डालें और कार्यालय आने पर सबसे पहले सीएम हेल्पलाइन व लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों को निपटाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग की मीटिंग हो वह पहले उनके विभाग में लंबित सीएम हेल्पलाइन तथा लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा करेंगे, उसके बाद विभागीय गतिविधियों व योजनाओं की समीक्षा करेंगे।
भदौरिया/गरिमा
No comments:
Post a Comment