नेशनल लोक अदालत 8 जुलाई को
इंदौर 5 जुलाई, 2017
इंदौर जिले में आपसी सुलह एवं समझौते से लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिये 8 जुलाई को तहसील से लेकर जिला स्तर पर लोक अदालत का आयोजन किया गया है। यह लोक अदालत जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री भूपेन्द्र कुमार निगम के मार्गदर्शन एवं अध्यक्ष व सचिव जिला अभिभाषक संघ इंदौर के सहयोग से आयोजित की जा रही है।
नेशनल लोक अदालत के प्रभारी तथा विशेष न्यायाधीश (सीबीआई) श्री पंकजसिंह माहेश्वरी ने बताया कि 8 जुलाई, 2017 को न्यायालयों में लंबित प्रकरणों में से आपराधिक प्रकृति के 3 हजार 784, चेक बाउंस के 3 हजार 581, क्लेम के 980, श्रम मामले के 343, विद्युत संबंधी 11 हजार 264, पारिवारिक मामले 522, भू-अर्जन के 11, सिविल के 558 व प्रीलिटिगेशन के 9 हजार 158 प्रकरण निराकृत करने हेतु रखे जायेंगे। इस प्रकार कुल 30 हजार 201 प्रकरण नेशनल लोक अदालत में आपसी समझौते हेतु रखे जा रहे हैं।
जिला विधिक प्राधिकरण के सचिव श्री आशुतोष अग्रवाल ने बताया कि नेशनल लोक अदालत के साथ-साथ स्थाई एवं निरंतर लोक अदालत का भी आयोजन 8 जुलाई, 2017 को किया जा रहा है, जिसमें 16 हजार 875 प्रीलिटिगेशन प्रकरण आपसी राजीनामा हेतु रखे गये हैं।
उक्त नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने में जिला अभिभाषक संघ इंदौर के अध्यक्ष श्री दिनेश पाण्डेय व सचिव श्री गोपाल कचौलिया सहित अभिभाषक संघ के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यगणों द्वारा सकारात्मक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। समस्त पक्षकार एवं अधिवक्ताओं से अपील की गयी है कि नेशनल लोक अदालत में अपने प्रकरणों का निराकरण कर लोक अदालत योजना का लाभ उठायें।
महिपाल/कपूर
No comments:
Post a Comment