जोश, उमंग और हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
------
मुख्य समारोह में नगरीय प्रशासन मंत्री श्रीमती मायासिंह ने
ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी
इंदौर, 15 अगस्त,2017
इंदौर जिले में राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस समारोह पूर्ण गरिमा के अनुरूप जोश, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया । इंदौर में सशस्त्र पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय मैदान के खुशनुमा माहौल में आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेश की नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्रीमती मायासिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा रस्मी परेड की सलामी ली। विद्यार्थियों ने अपार उत्साह और उमंग के साथ देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं।
समारोह में करतल ध्वनि तथा राष्ट्रीय धुन के बीच जवानों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की । स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय पर्व पर जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, शासकीय कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थाओं में भी ध्वजारोहण किया गया । स्कूली बच्चों ने रैलियाँ निकालीं ।
मुख्य समारोह में मंत्री श्रीमती मायासिंह ने खुली जीप में परेड का निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान उनके साथ कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े तथा पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री मोहम्मद युसुफ कुरैशी भी थे । समारोह में श्रीमती मायासिंह ने मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के संदेश का वाचन किया । समारोह में सशस्त्र बलों ने स्वतंत्रता दिवस अमर रहे के नारों के साथ हर्ष फायर किये । खुले आकाश में रंगीन गुब्बारे छोड़े गये
परेड का नेतृत्व डीएसपी श्री सुनील तालान ने किया। उनका अनुसरण टूआयसी सूबेदार श्री नोवेन्द्र सिंह ठाकुर ने किया। परेड में कुल 18 दलों ने भाग लिया। बीएसएफ, फस्र्ट बटालियन, जिला पुलिस बल तथा आरएपीटीसी के बैण्डों ने देशभक्ति गीतों की स्वर लहरियों से पूरा वातावरण को गुंजायमान कर दिया। जिन दलों ने परेड में भाग लिया उनमें बीएसएफ, आरएपीटीसी, प्रथम वाहिनी, 15वीं बटालियन, जिला पुलिस बल (पुरूष), जिला पुलिस बल (महिला), होमगार्ड, फायर ब्रिागेड, यातायात पुलिस, 2 एमपी आम्र्ड बटालियन, 9 एमपी बटालियन, वन एमपी गल्र्स बटालियन, 9 एमपी बटालियन (जूनियन डिविजन), भारत स्काउट बायज, भारत स्काउट गाईड, रेडक्रास, आरआईदल तथा शौर्यादल शामिल थे।
समारोह में अहिल्याश्रम कन्या उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय तथा माँ उमिया धाम के बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। समारोह में पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय की नवआरक्षकों ने रोमांचक ड्रील प्रस्तुत की।
परेड में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले दलों को पुरस्कृत किया गया । परेड के अ वर्ग में प्रथम स्थान बीएसएफ और द्वितीय स्थान आरएपीटीसी को दिया गया । ब वर्ग में प्रथम स्थान यातायात पुलिस और द्वितीय स्थान एनसीसी 2 एमपी आम्र्ड बटालियन को प्राप्त हुआ । इसी तरह स वर्ग में प्रथम स्थान भारत स्काउट गाईड गल्र्स और द्वितीय स्थान भारत स्काउट बायज को प्राप्त हुआ। बैंड वर्ग में प्रथम पुरस्कार बीएसएफ और द्वितीय पुरस्कार प्रथम वाहिनी के बैंड को दिया गया। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले सभी संस्थानों को पुरस्कृत किया गया। पिछले एक वर्ष के दौरान उत्कृष्ठ कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों सहित अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों को मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि श्रीमती मायासिंह ने पुरस्कृत किया। समारोह के दौरान इस वर्ष भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया गया । यह सम्मान श्रीमती मायासिंह ने शाल-श्रीफल भेंट कर किया ।
अभूतपूर्व उत्साह
सुबह से ही नगर में स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिये नागरिकों में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अशासकीय, शासकीय, सार्वजनिक भवनों और कार्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया । संभागायुक्त श्री संजय दुबे ने कमिश्नर कार्यालय, कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने कलेक्ट्रेट में तथा अपर संचालक जनसम्पर्क श्री जी.एस.मौर्य ने जनसम्पर्क भवन में ध्वजारोहण किया । स्कूली बच्चों ने राष्ट्रीय एकता के नारे लगाते हुए प्रभात फेरियाँ तथा रैली निकाली ।
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानीगण, लोकतंत्र सेनानियों सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारीगण तथा अन्य गणमान्य नागरिक और रंग बिरंगे परिधानों में बच्चे समारोह में मौजूद थे । कार्यक्रम का सुरूचिपूर्ण संचालन श्री प्रभाकर मोरे और श्रीमती सुनयना शर्मा ने किया
महिपाल/कपूर
No comments:
Post a Comment