नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्रीमती मायासिंह ने स्कूली बच्चों को भोजन परोसा
------
श्रीमती मायासिंह ने बच्चों के बीच बैठकर भोजन भी किया
इंदौर 15 अगस्त, 2017
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के बाद नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्रीमती मायासिंह बाणगंगा स्थित अहिल्या आश्रम कन्या उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय पहुंची। यहाँ उन्होंने स्कूली बच्चों को भोजन परोसा तथा उनके बीच बैठकर भोजन भी किया।
इस अवसर पर आयोजित समारोह को सम्बोधित करते हुये श्रीमती माया सिंह ने कहा कि आज का दिन गर्व का दिन है। आज के दिन ही हमें शहीदों एवं महानायकों के बलिदान एवं उनके संघर्ष से आजादी मिली। उनके योगदान को भूलना नहीं चाहिये। उन्होंने कहा कि बालिकायें देश का भविष्य हैं। हम इन्हें शिक्षित एवं संस्कारित बनायेंगे तो देश तेजी से उन्नती की ओर आगे बढ़ेगा।
समारोह को सम्बोधित करते हुये महापौर श्रीमती मालिनी गौड़ ने कहा कि देश की एकता एवं अखण्डता बनाये रखना हम सबका फर्ज है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी को अपनाकर देश को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने उपस्थित बच्चों को स्वदेशी अपनाने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये नगर निगम की जनकार्य समिति के अध्यक्ष श्री शंकर यादव ने कहा कि स्कूलों के उन्नयन के लिये नगर निगम द्वारा तेजी से कार्य किये जा रहे हैं। इंदौर शहर में शासकीय स्कूलों को सर्वसुविधायुक्त बनाने के लिये 50 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। कार्यक्रम के प्रारंभ में पार्षद श्री संतोष सिंह गौड़ ने स्वागत भाषण दिया। इस अवसर पर विधायक श्री सुदर्शन गुप्ता,कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े, पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री मोहम्मद युसुफ कुरैशी, जिला पंचायत की सीईओ श्रीमती कीर्ति खुरासिया, नगर निगम आयुक्त श्री मनीष सिंह भी विशेष रूप से मौजूद थे।
महिपाल/कपूर
No comments:
Post a Comment