Sunday, 29 January 2017

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले में आज चार लाख से अधिक बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाई गई



कलेक्टर श्री नरहरि ने पीसी सेठी हॉस्पिटल में बच्चों को 
दवा पिलाकर इस अभियान का किया शुभारंभ 
इंदौर, 29 जनवरी 2017
राज्य शासन के निर्देशानुसार इंदौर जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत पाँच वर्ष से कम उम्र के 4 लाख 19 हजार 553 बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाई गई। यह अभियान दो दिन और चलेगा। पल्स पोलियो कार्यकर्ता घर-घर जाकर शेष बचे बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाएंगे। कलेक्टर श्री नरहरि ने आज पीसी सेठी हॉस्पिटल में दवा पिलाकर इस अभियान का शुभारंभ किया। स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय संचालक डॉ. पोरपाल ने आज सुबह 8.30 बजे पल्स पोलियो की दवा बच्चों को पिलाई।  
मुख्य चिकित्सा एवं अधिकारी डॉ. हरिनारायण नायक ने पल्स पोलियो अभियान के तहत शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिये इंदौर जिले में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में दो हजार 700 बूथ बनवाये हैं और रेल्वे स्टेशन और बस स्टैण्ड में बच्चों को पोलियो दवा पिलाने के लिये 245 मोबाइल टीम गठित की है। 70 ट्रांजिट टीम भी तीन दिन तक 605 हाईरिस्क एरिया (झुग्गी बस्ती, मजदूर क्षेत्र, तंग बस्ती, भवन निर्माण क्षेत्र) में काम करेगी। इस अभियान में 400 सुपरवाइजर तैनात किये गये हैं। 
पल्स पोलियो अभियान के लिये स्वास्थ्य विभाग द्वारा देपालपुर, सांवेर, हातोद, मानपुर, महू और इंदौर शहरी क्षेत्र के 85 वार्डों को चार जोन में विभाजित किया गया है, जिसमें नंदानगर, मांगीलाल चूरिया अस्पताल, हुकुमचंद अस्पताल, पीसी सेठी अस्पताल और इनके अधीनस्थ संस्थाओं में स्कूलों और आँगनवाड़ियों पर भी पल्स पोलियो की दवा पिलाई जा रही है। 30 व 31 जनवरी को स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर, स्कूल व आँगनवाड़ी केन्द्रों में जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलायेंगे। 

No comments:

Post a Comment