नगरीय क्षेत्र में संचालित प्रोजेक्ट
समय-सीमा में पूर्ण करें : मंत्री श्रीमती माया सिंह
.............................. ..........
ढिलाई बरतने वाली एजेन्सियों के
विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश
इंदौर 23 मार्च 2018
नगरीय विकास एवं आवास
मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा है कि नगरीय क्षेत्रों में संचालित सभी बड़े
प्रोजेक्ट समय सीमा में पूर्ण किए जाएं, जिन स्थानों पर निर्माण एजेन्सियों
द्वारा गंभीरता से काम नहीं किया जा रहा है, उनके अनुबंध समाप्त करने की कार्रवाई
की जाए। श्रीमती सिंह ने यह निर्देश गुरुवार को भोपाल में नगरीय विकास विभाग के
संचालनालय में आयोजित बैठक में दिये हैं।
श्रीमती माया सिंह ने
कहा कि राज्य सरकार द्वारा नगरीय क्षेत्रों में अति-महत्वांकांक्षी प्रोजेक्ट के
रूप में प्रधानमंत्री आवास योजना,
अमृत योजना, सीवर
और पेयजल प्रोजेक्ट संचालित किए जा रहे हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर ढिलाई के कारण
इन परियोजनाओं में आशाजनक प्रगति नजर नहीं आ रही है। उन्होंने विशेष कर ग्वालियर
नगर निगम क्षेत्र में संचालित प्रोजेक्ट की धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त की।
योजनावार समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में चिन्हित
स्थानों पर आवास निर्माण के साथ हितग्राही का चयन भी प्रभावी ढंग से किया जाए।
इसके लिए नगर निगम पृथक से पारदर्शी सर्वेक्षण कराये तथा वास्तविक हितग्राहियों को
चिन्हित कर ही, आवास निर्माण करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि हितग्राही के
ऋण प्रकरण भी बैंक स्तर पर स्वीकृत कराये जायें।
मंत्री श्रीमती माया
सिंह ने ग्वालियर शहर में अमृत योजना के कार्यो में धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त
किया, उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट समय सीमा में पूर्ण न होने से उसका लाभ समय
पर शहर वासियों को प्राप्त नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि सीवर पाइप लाइन के
जिन स्थानों पर खुदाई का कार्य किया जा रहा है, उन स्थानों पर रिपेयरिंग कार्य को
साथ-साथ पूरा कराया जाये। बरसात के सीजन में स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की
समस्या का सामना नहीं करना पड़े।
प्रमुख सचिव नगरीय विकास
श्री विवेक अग्रवाल ने निर्देश दिए कि अमृत योजना के तहत संचालित सभी कार्यो की
आयुक्त नगर निगम सप्ताहिक समीक्षा करें। जो एजेन्सी काम समय सीमा और गुणवत्ता
पूर्ण ढंग से नहीं कर रही हैं,
उनके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में आयुक्त नगर निगम ग्वालियर श्री विनोद शर्मा, अपर
आयुक्त नगरीय प्रशासन भोपाल श्रीमती मंजू शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक/215/745/भदौरिया/जी
No comments:
Post a Comment