स्वास्थ्य विभाग का जच्चा-बच्चा टीकाकरण अभियान शुरू
इंदौर 24 अप्रैल, 2018
ग्राम स्वराज्य अभियान के तहत गत दिवस इंदौर जिले में चिन्हित आठ ग्रामों -एमा बड़ोदिया, लक्ष्मण खेडी, भाग्या, कजलाना, चित्तौडा,(सांवेर ब्लाक), माचला (हातोद ब्लाक), रावद (देपालपुर ब्लाक), कुमेड़ी (नदांनगर जोन) में एमआई-404-एमपी में गर्भवती माताओं तथा छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण कर अभियान का शुभारंभ किया गया। इसमें गांव के गणमान्य नागरिक एवं 2 साल तक के पूर्ण टीकाकृत बच्चों के द्वारा अभियान प्रारंभ किया गया। भारत शासन के द्वारा निर्धारित सामाजिक मापदण्डों के आधार पर 404 गांवों का चयन किया, इसमें इंदौर जिले के आठ ग्राम चयनित किये गये। इन ग्रामों में टीकाकरण के लिए विशेष अभियान चला कर यह प्रयत्न किया गया है कि कोई भी गर्भवती माता व 02 वर्ष का बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहें। यह अभियान मई व जून में भी आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए माताओं की बैठक, जागरूकता रैली, डोंडी पिटवाना एवं नारे लेखन, पोस्टर बैनर का प्रदर्शन आदि गतिविधियों के माध्यम से जन जागृति उत्पन्न करने का प्रयास किया गया। अभी तक 54 बच्चों व 22 गर्भवती माताओं का टीकाकरण किया गया। जिला स्तर से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में अन्य अधिकारियों द्वारा सत्र का पर्यवेक्षण किया गया।
No comments:
Post a Comment