इंदौर जिले में मतदाता सूची के पुनरीक्षण एवं अन्य कार्यो के लिए लगाये गये
बीएलओ के अनुपस्थित रहने पर उनके विरूद्ध की जायेगी कार्यवाही
कलेक्टर श्री वरवड़े की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की बैठक संपन्न
इंदौर, 2 मई 2018
इंदौर जिले में आगामी विधानसभा निर्वाचन की प्रारंभिक तैयारियां व्यापक स्तर पर जारी है। जिले में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। इसके लिए प्रत्येक मतदान केन्द्रवार बीएलओ नियुक्त किये गये है। ऐसे बीएलओ जो अपने नियुक्क्ति स्थल पर नहीं पहुंचे है तथा उनके द्वारा लापरवाही बरती जा रही है, उनके विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी।
यह जानकारी आज यहां कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई राजस्व अधिकारियों की बैठक में दी गयी । बैठक में अपर कलेक्टर श्री कैलाश वानखेड़े तथा श्री अजयदेव शर्मा सहित अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित थे । बैठक में कलेक्टर श्री वरवड़े ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिये कि जिले में सभी तैयारियां भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिये गये निर्देशानुसार निर्धारित समयबद्ध कार्यक्रम अनुसार ही की जाय। निर्वाचन कार्य को पूरी गंभीरता से लिया जाय। निर्वाचन कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही और उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने निर्देश दिये कि मतदाता सूची को पूर्ण रूप से शुद्ध बनाया जाय। मतदाता सूची में सभी पात्र मतदाताओं के नाम शामिल किये जाय। मृत्य मतदाताओं के नाम सूची से हटाये जाय। अन्यत्र चले गये मतदाताओं के संबंध में सुसंगत परीक्षण कर आदेश जारी किये जाय। सभी मतदाताओं को फोटोयुक्त मतदाता परिचय पत्र मिल जाय, यह भी सुनिश्चित किया जाय। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों की युक्तियुक्तकरण का कार्य निर्धारित मापदण्ड अनुसार मतदाताओं की सुविधा के अनुसार ही करें। युक्तियुक्तकरण कार्य में जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों का भी सहयोग लें। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य का मौके पर जाकर जायजा लें।
बैठक में कलेक्टर श्री वरवड़े ने पट्टा अधिकार अधिनियम के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने पट्टा बनाने के कार्य को भी जल्दी ही पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि इंदौर में आगामी 27 मई को हितग्राही सम्मेलन मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की उपस्थिति में प्रस्तावित है। इस सम्मेलन में विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित हितग्राहियों को लाभ के प्रमाण पत्र वितरित किये जायेंगे। इसके लिए विभागवार सूची तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। बैठक में उन्होंने निर्देश दिये कि नागरिकों के साथ धोखाधड़ी करने वाली चिटफंड कंपनियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाये।
/महिपाल/विजय
No comments:
Post a Comment