महाराजा शिवाजी राव स्कूल में हजारों स्कूली बच्चे करेंगे एक साथ सूर्य नमस्कार
-----
जिले के अन्य स्कूलों और महाविद्यालयों में भी सूर्य नमस्कार के होंगे कार्यक्रम
इंदौर 11 जनवरी, 2017
स्वामी विवेकानंदजी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में युवा दिवस के तहत पूरे प्रदेश के अन्य जिलों के साथ-साथ इंदौर जिले में भी आज 12 जनवरी को सामूहिक सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे । स्कूलों में यह आयोजन सुबह ठीक 9 बजे से शुरू होंगे। सामूहिक सूर्य नमस्कार का मुख्य कार्यक्रम 12 जनवरी को चिमनबाग मैदान पर ठीक सुबह 9 बजे होगा।
जिले में इस आयोजन की व्यापक तैयारियां की गयी हैं। कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने निर्देश दिये हैं कि सामूहिक सूर्य नमस्कार का कार्यक्रम राज्य शासन द्वारा दिये गये दिशा निर्देशों के अनुसार ही किया जाए। आयोजन में यह ध्यान रखा जाए किसी भी बच्चे को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। जिले में सामूहिक सूर्य नमस्कार का मुख्य कार्यक्रम इंदौर के चिमनबाग मैदान में होगा। बताया गया कि सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में इंदौर जिले के शासकीय और अशासकीय स्कूलों के हजारों विद्यार्थी शामिल होंगे। सूर्य नमस्कार का कार्यक्रम सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों तथा महाविद्यालयों में भी आयोजित होगा। इसके अलावा सामूहिक सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम में अन्य सभी शैक्षणिक संस्थाओं से शामिल होने का अनुरोध किया गया है। राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देश के अनुसार सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में किसी भी संस्था अथवा छात्र-छात्रा का भाग लेना पूर्णत: स्वैच्छिक होगा। इसमें किसी भी तरह की बाध्यता नहीं रखी जाय। शारीरिक एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ्य बच्चों को चिकित्सकीय परामर्श के उपरांत ही कार्यक्रम में भाग लेने का परामर्श दिया जाय।
पल प्रतिपल का कार्यक्रम
सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम के लिये शिक्षा विभाग द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं। बताया गया है कि युवा दिवस के अवसर पर 12 जनवरी को शिक्षण संस्थाओं, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायत और आश्रम शालाओं में सुबह 9 बजे से सुबह साढ़े 10 बजे तक सूर्य नमस्कार का कार्यक्रम होगा। सूर्य नमस्कार के लिये सुबह ठीक 9 बजे सभी प्रतिभागी निर्धारित स्थान पर एकत्रित होंगे। इसके बाद उद्घोषक द्वारा कार्यक्रम की भूमिका की जानकारी दी जायेगी। सुबह 9.20 पर राष्ट्रगीत वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन होगा। सुबह 9.30 बजे मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान का संदेश सुनाया जायेगा। सुबह 9.45 बजे से सूर्य नमस्कार और प्राणायाम की शुरूआत की जायेगी। अंत में सुबह साढ़े 10 बजे सभी प्रतिभागियों का आभार माना जायेगा। सूर्य नमस्कार में कक्षा 6टी से 12वीं तक तथा महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को शामिल किये जाने के निर्देश दिये गये हैं। कक्षा पहली से 5वीं तक के बच्चे सूर्य नमस्कार में शामिल नहीं होंगे। वे आयोजन देखने के लिये उपस्थित रह सकते हैं।
रेडियो से होगा प्रसारण
सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम के रेडियो से सीधे प्रसारण की व्यवस्था की गयी है। रेडियो से सीधे प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्रीजी के संदेश का भी प्रसारण किया जायेगा। सूर्य नमस्कार के दौरान आयोजन स्थल पर रेडियो की व्यवस्था किये जाने के लिये निर्देश दिये गये हैं।
सूर्य नमस्कार तथा प्राणायाम
सूर्य नमस्कार भारतीय योग परम्परा का अभिन्न अंग है। यह विभिन्न आसन, मुद्रा और प्राणायम का वह समन्वय है जिससे शरीर के सभी अंगों-उपांगों का पूर्ण व्यायाम होता है। आधुनिक युग में हम अपने स्वास्थ्य के प्रति निश्चित ही अधिक सजग हुए हैं तथा इस हेतु विभिन्न उपायों को अपना रहे हैं। इन सभी उपायों में "सूर्य नमस्कार' ऐसी गतिविधि है जो हमारे शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करती है।
सामूहिक सूर्य नमस्कार का यह 11वाँ वर्ष
सूर्य नमस्कार के सर्वमान्य महत्व को दृष्टिगत रखते हुये राज्य शासन ने 25 जनवरी 2007 से सामूहिक सूर्य नमस्कार तथा प्राणायाम का आयोजन शुरू किया था। इसके बाद यह आयोजन हर वर्ष 12 जनवरी को आयोजित हो रहे हैं। इस तरह जारी वर्ष सामूहिक सूर्य नमस्कार का 11वाँ वर्ष है।
महिपाल/कपूर
No comments:
Post a Comment