रोजगार मेले में 367 बेरोजगारों को नौकरी और 244 हितग्राहियों को
8 करोड़ रूपये से अधिक का ऋण वितरित
इंदौर 11 जनवरी, 2017
राज्य शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा आज रोजगार मेले का आयोजन किया गया,जिसमें 21 रोजगार प्रदाता कम्पनियों और संस्थानों द्वारा 1807 बेरोजगारों का प्रथम चरण में काउंसिलिंग कर 367 युवा बेरोजगारों को प्रारंभिक नियुक्ति-पत्र दिये गये, जिन्हें वार्षिक वेतन एक लाख से 5 लाख रूपये तक निर्धारित किया गया। मेले में अलग-अलग विभागों द्वारा रोजगारमूलक योजनाओं के अंतर्गत जिले की अग्रणी बैंक-बैंक ऑफ इंडिया के तत्वावधान में विभिन्न बैंक शाखाओं द्वारा 244 हितग्राहियों को 8 करोड़ 35 लाख रूपये की ऋण वितरण की स्वीकृति प्रदान की गयी। साथ ही 95 हितग्राहियों को 2 करोड़ 37 लाख रूपये के ऋण वितरण-पत्र सौंपे गये।
इंदौर जिले में रोजगार एवं स्वरोजगार की अनन्त संभावनाएं हैं। यहां पर इच्छुक एवं योग्य व्यक्ति के लिये कार्य उपलब्ध है। कोई व्यक्ति स्वरोजगार करना चाहते हैं तो मध्यप्रदेश शासन द्वारा अनेक हितग्राहीमूलक योजनाएं चलाई जा रही है। जिसमें युवाओं के लिये स्वयं के उद्योग धंधे एवं स्वयं के रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ऋण सुविधा भी उपलब्ध है और साथ-साथ निजी कम्पनियों के सहयोग से उनकी जरूरत के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भी यहां पर कार्य किया जा रहा है। इस मेले में इस बार सर्वाधिक उपयुक्त बात यह है कि जिन आवेदकों के प्रकरण ऋण हेतु बैंकों में लंबित हैं, उनको बुलाया गया है और बैंकों के अधिकारियों के समक्ष बिठाकर उनकी समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। यह बात कलेक्टर श्री पी. नरहरि ने ग्रामीण हाट परिसर में रोजगार मेले के शुभारंभ पर कही।
कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान और भविष्य का समय स्टार्टअप का समय है। आप अपनी सोच और परिकल्पनाओं को नये पंख लगायें और समाज और बाजार की जरूरत के अनुसार नये अवधारणा को प्रस्तुत करें। किसी भी काम को करने की सफलता इस बात पर निर्भर है कि आपके काम करने का तरीका क्या है? दुनिया में सर्वाधिक स्टार्टअप आज भारत में प्रारंभ हो रहे हैं और युवा इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। जरूरतमंद युवाओं को स्टार्टअप योजना के अन्तर्गत राज्य शासन द्वारा एक करोड़ तक का ऋण उपलब्ध कराये जाने की योजनाएं संचालित की जा रही है। इसके साथ-साथ युवाओं को रोजगार के लिए अनेक योजनाओं में शासन के द्वारा अनुदान के साथ-साथ ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। लघु उद्योग, उद्यानिकी, कृषि क्षेत्र,ऑटो मोबाइल सेक्टर, महिलाओं के लिये कुटीर उद्योग, सिलाई केन्द्र आदि के लिये भी शासन योजनाएं संचालित कर रहा है। सभी युवा स्वरोजगार के लिये प्रेरित हों और शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर अपने भविष्य और देश के भविष्य को उज्जवल बनायें।
रोजगार मेले में नगर निगम गरीबी उप शमन विभाग की अध्यक्ष श्रीमती शोभा गर्ग, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती कीर्ति खुरासिया, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री मुकेश भट्ट, जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक श्री अम्बरीष अधिकारी , मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला अंत्वसायी समिति श्री एम.एल.जाट, सैडमैप के श्री दिनेश खरे आदि मौजूद थे।
राठौर
No comments:
Post a Comment