Wednesday, 1 February 2017

इंदौर जिले की ग्राम पंचायत माचल को बनाया जायेगा सांसद आदर्श पंचायत


-------------------
कलेक्टर श्री नरहरि ने विभागीय अधिकारियों के साथ किया माचल का भ्रमण
इंदौर, 01 फरवरी 2017
    सांसद तथा लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन द्वारा चयनित इंदौर जिले की ग्राम पंचायत माचल को सांसद आदर्श पंचायत बनाया जायेगा। इस पंचायत को आदर्श बनाने के कार्य की प्रारंभिक शुरूआत कर दी गई है। कलेक्टर श्री पी. नरहरि ने आज विभागीय अधिकारियों के साथ ग्राम माचल का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण से चर्चा की और ग्राम पंचायत में कराये जाने जाने कार्यो की प्राथमिकता तय की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि इस ग्राम पंचायत को आदर्श बनाने के लिये कोई भी कोर-कसर नहीं छोड़ी जाये। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित संभावित कार्यों को सूचीबद्ध करने तथा उसके प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये।
    इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि तथा खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष श्री देवराज सिंह परिहार, सांसद प्रतिनिधि श्री चन्दू माखीजा, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती कीर्ति खुरासिया, एसडीओ श्री एन.के.पाण्डे सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री पी. नरहरि ने ग्रामीणों से रूबरू चर्चा की और आदर्श ग्राम बनाने के सभी पहलुओं की संभावनाओं को पता किया। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। शासन-प्रशासन द्वारा जनता के सहयोग से इस पंचायत को आदर्श बनाया जायेगा। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे अपने बच्चों को आँगनवाड़ी अथवा स्कूल नियमित रूप से भेजें। गाँव में स्वच्छता रखें। इधर-उधर कचरा नहीं फेंके। कचरा निपटान के लिये ग्राम पंचायत को पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिये। उन्होंने ग्राम पंचायत में राजस्व प्रकरणों के निपटारे के लिये शिविर लगाने, स्वरोजगार मेला आयोजित करने, शांतिधाम बनाने, विकास कार्यों के लिये श्रमदान लेने के निर्देश दिये। उन्होंने गाँव के घर-घर में नल के माध्यम से पेयजल व्यवस्था पहुंचाने के भी निर्देश दिये। श्री नरहरि ने गाँव में घूमकर विकास कार्य कराये जाने की संभावनाएं पता की।
    कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये श्री देवराज सिंह परिहार ने कहा कि माचल गाँव की पहाड़ी पर सघन वृक्षारोपण किया जाये। इसके लिये विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाये। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि इस गाँव के माध्यम से मालवा के प्रसिद्ध मालवी तथा पिस्सी गेहँू की प्रजाति पुनर्जीवित हो। उन्होंने कहा कि आदर्श ग्राम पंचायत के माध्यम से हमारा प्रयास है कि इस पंचायत को विकास कार्यों के साथ ही संस्कारों के रूप में भी आदर्श बनाया जाये। श्री चन्दू माखीजा ने आदर्श गाँव में कराये जाने वाले कार्यों की रूपरेखा बतायी। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यक्रमों और योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
     ग्राम पंचायत माचल में कलेक्टर श्री पी. नरहरि द्वारा ग्रामीणों से रूबरू चर्चा कर वहां की प्राथमिकताएं तय की गई। इन प्राथमिकताओं में प्रमुख रूप से स्कूल भवनों के विस्तार, प्रकाश व्यवस्था, सीमेंट कांक्रीट रोड बनाने, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार शामिल हैं।
--0--

No comments:

Post a Comment