Wednesday, 1 February 2017

प्रदेश में कोई भी व्यक्ति इलाज से वंचित नहीं रहेगा-स्वास्थ्य मंत्री श्री सिंह


जिला अस्पताल परिसर में 300 बिस्तरों का नया अस्पताल बनेगा
इंदौर 01 फरवरी 2017
    प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री रूस्तम सिंह ने आज जिला अस्पताल में आयोजित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का समापन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति इलाज से वंचित नहीं रहेगा। गरीब व्यक्तियों का राज्य शासन द्वारा नि:शुल्क इलाज कराया जायेगा। राज्य शासन द्वारा गरीबों की सेवा के लिये पूरे प्रदेश में 28 फरवरी तक मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर लगाये जा रहे हैं। इन शिविरों में जाँच उपरान्त राज्य बीमारी सहायता के प्रकरण बनाये जायेंगे। तदुपरान्त इन रोगियों का शासकीय एवं निजी अस्पतालों में इलाज कराया जायेगा। इन्हें आवश्यक दवाएं दी जायेंगी तथा जरूरत पड़ने पर ऑपरेशन भी नि:शुल्क किया जायेगा।
    श्री रूस्तम सिंह ने कहा कि यह अभियान इंदौर जिले में दो माह से चल रहा था। आज इस विशेष शिविर में 40 से अधिक चिकित्सकों द्वारा 1298 रोगियों की जाँच की गई। आज इस शिविर में इलाज योग्य 983 रोगी पाये गये, जिनका निजी और शासकीय अस्पतालों में शीघ्र ही इलाज किया जायेगा। इनमें 75 ह्मदय रोगी, 44 गूंगे-बहरे, 17 बाल ह्मदय रोगी पाये गये। इस शिविर में 51 एपीएल श्रेणी के मरीज पाये गये, जिनका शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत इलाज कराया जायेगा।
    इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को सम्बोधित करते हुये स्वास्थ्य मंत्री श्री सिंह ने कहा कि जिला अस्पताल परिसर में 300 बिस्तरों का नया अस्पताल बनेगा, जिसमें सभी प्रमुख बीमारियों के इलाज की सुविधा होगी। डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट राज्य शासन को प्राप्त हो गई है। अगले माह इस भवन हेतु बजट स्वीकृत कर दिया जायेगा। इंदौर की बढ़ती हुई आबादी के अनुरूप इस अस्पताल में सभी आधुनिक सुविधाएं रहेंगी।
    इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हरिनारायण नायक ने बताया कि इंदौर जिले में राज्य शासन के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर के लिये दो माह से तैयारी चल रही थी। आशा और एएनएम द्वारा गाँव-गाँव, घर-घर जाकर मरीजों की खोज और पहचान की गई। ऐसे 1298 मरीजों का आज इस विशाल शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इन मरीजों का शासकीय अस्पतालों के अलावा निजी अस्पताल मसलन अरविन्दो अस्पताल, शेलवी अस्पताल, मेदांता अस्पताल और भंडारी अस्पताल में इलाज कराया जायेगा। ये रोगी केंसर, ह्मदय रोग, मूत्राशय रोग, स्त्री रोग से संबंधित हैं। इस शिविर को सफल बनाने में मीडिया की महती भूमिका रही है।
    डॉ. नायक ने बताया कि इस वर्ष मोतियाबिंद के पांच हजार के लक्ष्य के विरूद्ध सात हजार ऑपरेशन किये गये। इसके अलावा बाल ह्मदय के 165 और कटे-फटे होट के 58 ऑपरेशन नि:शुल्क किये गये। कार्यक्रम के अन्त में आभार प्रदर्शन क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं इंदौर डॉ. एस. पोरवाल ने किया। कार्यक्रम में डॉ. आर.डी. भटनागर, डॉ. विनय अग्रवाल, डॉ. मनीला कौशल, डॉ. निकिता अग्रवाल, डॉ. आस्था जैन, डॉ. गौरव कुलकर्णी, समाजसेवी श्री दिलीप जोशी आदि का सम्मान भी किया गया।
शिविर का महापौर श्रीमती गौड़ ने किया शुभारंभ
    राज्य शासन द्वारा दिये गये निर्देशानुसार इंदौर में आज मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर जिला चिकित्सालय में आयोजित किया गया। इस शिविर का शुभारंभ महापौर श्रीमती मालिनी गौड़ ने किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री पी. नरहरि, विधायकगण श्री सुदर्शन गुप्ता, सुश्री उषा ठाकुर तथा श्री महेन्द्र हार्डिया, पार्षद श्री सुधीर देड़गे, संचालक स्वास्थ्य डॉ. बी.एन. चौहान, संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. एस. पोरवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.एन. नायक विशेष रूप से मौजूद थे।
    कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये महापौर श्रीमती मालिनी गौड़ ने कहा कि राज्य शासन समाज के सभी वर्गों के कल्याण के प्रति विशेष रूप से चिंतित है। समाज के सभी वर्गों के लिये जीवन की हर आयु वर्ग के व्यक्तियों के लिये योजनाएं संचालित की जा रही है। इस अवसर पर कलेक्टर श्री पी. नरहरि ने बताया कि इंदौर जिले में नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिये विशेष प्रयास किये जा रहे हैं। इंदौर जिले में विगत एक साल में सात हजार मोतियाबिंद के ऑपरेशन किये गये। कटे-फटे होट से पीड़ित 52 व्यक्तियों की प्लास्टिक सर्जरी की गई। बाल ह्मदय उपचार योजना के अन्तर्गत 165 बच्चों के ऑपरेशन किये गये। उन्होंने बताया कि इस शिविर में विशेष रूप से बीपीएल परिवारों के इलाज के लिये प्रकरण तैयार किये गये हैं। अगर गरीबी रेखा से ऊपर का व्यक्ति भी इलाज के लिये पात्र पाया जाता है तो उसका भी आवश्यकता के अनुसार इलाज कराया जायेगा।
क्रमांक 04/237/महिपाल/वटके

No comments:

Post a Comment