Wednesday, 8 February 2017


दशहरा मैदान में विशाल अंत्योदय मेला सम्पन्न
-----
मेले में 25 हजार हितग्राहियों को 51 करोड़ रुपये की आदान सामग्री वितरित
इंदौर 8 फरवरी, 2017
राज्य शासन के निर्देशानुसार आज नगर निगम इंदौर और जनपद पंचायत इंदौर के संयुक्त  तत्वावधान में आज दशहरा मैदान में विशाल अंत्योदय मेला एवं हितग्राही सम्मेलन सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती मालिनी गौड़ ने कहा कि राज्य शासन गरीबों के हितों के संरक्षण के लिये कृत संकल्पित है। राज्य शासन के निर्देशानुसार इंदौर नगर को स्मार्ट सिटी बनाया जा रहा है। हमारा उद्देश्य गरीबी और बेरोजगारी खत्म करना है। भारत सरकार और राज्य शासन के निर्देशानुसार इंदौर जिले के प्रत्येक आवासहीन व्यक्ति को सन 2022 तक मकान या प्लाट दिया जायेगा। आज इस अंत्योदय मेले में 25 हजार 156 हितग्राहियों को 51 करोड़ 87 लाख की आदान सामग्री वितरित की गयी । इसी प्रकार आज हितग्राहियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री प्रसूति सहायता योजना, राष्ट्रीय शहरी अजीविका मिशन, मजदूर सुरक्षा डायरी, मुख्यमंत्री पथ पर विक्रय योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना, हाथ ठेला पंजीयन योजना, केशशिल्पी पंजीयन योजना, मुख्यमंत्री घरेलू कामकाजी महिला कल्याण योजना के तहत 17 हजार 173 हितग्राहियों को आदान सामग्री प्रमाण-पत्र, पेंशन, सुरक्षा डायरी, राशन कार्ड, पंजीयन कार्ड वितरित किया गया।
श्रीमती मालिनी गौड़ ने कहा कि इंदौर नगर निगम द्वारा इंदौर नगर का कायाकल्प किया जा रहा है। जिसके तहत तेजी से सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। नगर के 14 सड़कों को 17 करोड़ 18 लाख रूपये की लागत से तथा 9 पुल-पुलियों को 20 करोड़ रुपये की लागत से, एक हजार 472 आवासीय इकाइयों पर 83 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 20 ड्रेनेज कार्यों पर 13 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे। नगर की 13 जल प्रदाय योजनाओं पर 22 करोड़ रूपये खर्च किये जायेंगे। आज इस अंत्योदय मेले में इंदौर नगर में आगामी एक वर्ष में होने वाले 70 निर्माण कार्यों के लिये 259 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। 
इस अवसर पर महापौर श्रीमती मालिनी गौड़ ने कहा कि पिछले दो साल में इंदौर जिले में 11 हजार मजदूरों को मजदूर डायरी वितरित की गयी। 4 हजार झुग्गीवासियों को पक्के मकान दिये गये। इसके अलावा नगर निगम द्वारा घर-घर जाकर कचरा कलेक्शन का कार्य किया जा रहा है। इंदौर नगर में लगभग 500 नये शौचालय और मूत्रालय पिछले 6 महीने में बनाये गये हैं और 500 पुराने शौचालयों और मूत्रालयों का जीर्णोद्धार किया गया है। इंदौर नगर अब खुले में शौच से पूरी तरह मुक्त हो गया है। कार्यक्रम को गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष श्री कृष्णमुरारी मोघे, विधायक श्री महेन्द्र हार्डिया, विधायक सुश्री उषा ठाकुर, विधायक श्री सुदर्शन गुप्ता ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री अजय देव शर्मा, एसडीएम सुश्री नेहा मीणा, नगर निगम आयुक्त श्री मनीष सिंह, नगर निगम अपर आयुक्त श्री देवेन्द्र सिंह आदि मौजूद थे। अंत्योदय मेले में जनता को दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने एलईडी के जरिये सम्बोधित किया।
सिंह/कपूर

No comments:

Post a Comment