Thursday, 11 May 2017

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने की 
""रोजगार की पढ़ाई-चलें आईटीआई'' अभियान की शुरूआत
---
मुख्यमंत्री कौशल्या योजना व मुख्यमंत्री कौशल संवर्धन योजना का भी हुआ शुभारंभ
-----
युवक-युवतियों के लिये होगी रोजगारपरक प्रशिक्षण की व्यवस्था
-----
650 से ज्यादा युवक-युवतियों ने कराये अपने पंजीयन
इंदौर 11 मई, 2017
प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग के मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने इंदौर के नंदानगर स्थित शासकीय आईटीआई प्रांगण में ""रोजगार की पढ़ाई चलें आईटीआई'' कार्यक्रम की शुरूआत की। कार्यक्रम में कौशल विकास से संबंधित दो नई योजनायें मुख्यमंत्री कौशल्या योजना व मुख्यमंत्री कौशल संवर्धन योजना का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्री रमेश मैंदोला, अपर कलेक्टर श्री अजय देव शर्मा, संयुक्त संचालक कौशल विकास श्री डी.एस.ठाकुर के अलावा क्षेत्रीय पार्षदगण मंचासीन थे। 
इस अवसर पर अपने सम्बोधन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने कहा कि मुख्यमंत्रीजी ने प्रदेश के युवक-युवतियों के लिये ""रोजगार की पढ़ाई चलें आईटीआई'' नाम से अभिनव कार्यक्रम की शुरूआत की है। इस कार्यक्रम के तहत दो योजनायें मुख्यमंत्री कौशल्या योजना व मुख्यमंत्री कौशल संवर्धन योजना को पूरे मध्यप्रदेश में चालू किया जा रहा है। इनका उद्देश्य युवक--युवतियों में हुनर को विकसित करना है तथा नई-नई तकनीकों से प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार से जोड़ने की व्यवस्था करना है। मंत्री श्री भार्गव ने कहा कि इससे पहले भी रोजगार से संबंधित कार्यक्रम शुरू किये गये हैं, किंतु यह कार्यक्रम बहुत ही महत्वाकांक्षी व परिणाममूलक है। 
मंत्री श्री भार्गव ने कहा कि टेक्नालॉजी के विकास के साथ ही हर क्षेत्र में  नित नये परिवर्तन हो रहे हैं। व्यवसाय के क्षेत्र में भी बदलाव आया है। नये ट्रेडों में कुशल व प्रशिक्षित युवाओं की मांग बढ़ी है। उन्होंने कहा कि युवा इन नये ट्रेड में प्रशिक्षित हों तथा कम्पनियों की मांगों को पूरा करें। मंत्री श्री भार्गव ने कहा कि इंदौर मध्यप्रदेश की नहीं मध्य भारत की व्यवसायिक राजधानी है। यहां विभिन्न क्षेत्रों की कम्पनियां हैं तथा रोजगार के क्षेत्र में असीम संभावनायें हैं। यहां शिक्षा प्राप्त करने से लेकर युवक-युवतियां रोजगार के लिये बड़ी संख्या में आते हैं। उन्होंने  कहा कि जिस तरह इंदौर ने स्वच्छता के क्षेत्र में पूरे देश में नम्बर-एक स्थान प्राप्त किया है, उसी तरह कौशल विकास व रोजगार से संबंधित इस अभिनव कार्यक्रम में भी नम्बर-एक स्थान प्राप्त करने का प्रयास होना चाहिये। मंत्री श्री भार्गव ने कहा कि यह अभियान बहुत ही महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। यह केवल औपचारिक मात्र नहीं रह जाये। इसके लिये जरूरी है कि युवा मेहनत व लगन से अपने हुनर को तराशें और अच्छा रोजगार प्राप्त कर आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनें।
मंत्री श्री भार्गव ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिये विभिन्न प्रकार की योजनायें चलायी जा रही है। अब सरकार ने यह तय किया है कि जो छात्र हायर सेकेण्ड्ररी की परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लायेंगे और उनका प्रवेश आईआईटी, मेडिकल, आईआईएम व चिन्हित इंजीनियरिंग संस्थानों में होता है तो उनकी फीस सरकार द्वारा भरी जायेगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा चालू वर्ष के बजट में एक हजार करोड़ रुपये की राशि इस मद में आवंटित की गयी है। इस मद से फीस के अलावा युवक-युवतियों को रोजगार से जोड़ने के लिये ऋण की भी व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने आईटीआई इंदौर में 2 हजार छात्राओं को 10 हजार रूपये से अधिक के वेतन पर कैम्पस सिलेक्शन होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में संयुक्त संचालक कौशल विकास श्री डी.एस.ठाकुर ने रोजगार की पढ़ाई चलें आईटीआई के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कौशल विकास के क्षेत्र में विकसित देश हमारे देश से बहुत आगे है। आज जिन दो नई योजनाओं को इस कार्यक्रम के तहत शुरू किया गया है, उससे लगभग साढ़े 4 लाख युवक-युवतियों को कौशल विकास का प्रशिक्षण मिलेगा। उन्होंने कहा कि फ्लैक्सी एमओयू के माध्यम से लगभग एक करोड़ रुपये लागत से आधुनिक लैब महिला आईटीआई में खोली जायेगी। वहीं आईटीआई बालक में मारूति कम्पनी से सवा करोड़ की आधुनिक लेब स्थापना हेतु एमओयू किया गया है। मारूति यहां सर्विस सेंटर भी खोलने जा रही है। उन्होंने कहा कि आईटीआई इंदौर कौशल विकास के मामले में अग्रणी संस्थान है तथा यहां से जो युवक-युवती निकले हैं उनको अच्छा प्लेसमेंट मिला है। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री अजय देव शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर एलसीडी के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के सम्बोधन का सीधा प्रसारण देखा गया। कार्यक्रम में 650 से ज्यादा युवक-युवतियों द्वारा दो ट्रेडों डोमेस्टिक इलेक्ट्रीकल रिपेरिंग तथा इंफोर्मेशन टेक्नालॉजी में अपना पंजीयन कराया।
भदौरिया/कपूर

No comments:

Post a Comment