हज यात्रियों के लिये मुकम्मल इंतजाम करने के सख्त निर्देश
इंदौर 26 जुलाई, 2017
राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष हाजी इनायत हुसैन ने जिला प्रशासन से कहा है कि जिला प्रशासन इंदौर-उज्जैन संभाग के हज यात्रियों के लिये ट्रांजिट स्टेशन सदर बाजार और एयरपोर्ट इंदौर पर मूलभूत सुविधायें मुहैया करायी जाये। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हज यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण, आवागमन, टेंट, साफ-सफाई आदि की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की जाये। इस काम में पुलिस,नगर निगम और जिला प्रशासन का सहयोग अपेक्षित है। भारत सरकार ने पूरे देश में एक लाख 75 हजार हज यात्रियों को भेजने का निर्णय लिया है। इंदौर से एयर इंडिया के पहली फ्लाईट 12 अगस्त को रवाना होने की संभावना है। हज यात्रियों के बीजा बनाने की प्रक्रिया जारी है।
कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों को सम्बोधित करते हुये कहा कि हज यात्रियों को सभी मूलभूत सुविधायें मुहैया करायी जायें। इस काम में पुलिस, नगर निगम और राजस्व विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग, ट्रांजिट स्टेशन सदर बाजार में स्वास्थ्य परीक्षण करेगा और हज यात्रियों को तदुपरांत एयरपोर्ट ले जाया जायेगा। वहाँ पर उनके लिये टेंट, शौचालय आदि की सुविधा रहेगी। हज यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही सउदी अरब की मुद्रा दीनार प्रदान की जायेगी। एयरपोर्ट ऑथॉरिटी द्वारा कार्यकर्ताओं को पास जारी किये जायेंगे। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में भी चर्चा की गयी। बैठक में डीआईजी श्री हरिनारायणचारी, एसपी मुख्यालय श्री मोहम्मद युसूफ, राज्य हज कमेटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दाउद खान,संयुक्त कलेक्टर श्री व्ही.व्ही.एस.तोमर, केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल एयरपोर्ट आथॉरिटी, कस्टम एवं सेन्ट्रल एक्जसाइज, नगर निगम, दूरसंचार, स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग, विद्युत वितरण कम्पनी के अधिकारी मौजूद थे।
सिंह/कपूर
No comments:
Post a Comment