प्रतिभावान विद्यार्थियों की मदद के लिए जिला प्रशासन द्वारा आयोजित
शिक्षा ऋण मेले को मिला बेहतर प्रतिसाद
…………
ऋण मेले में एक ही दिन में 170 विद्यार्थियों के लिए
स्वीकृत किया गया 5 करोड़ 13 लाख रूपये से अधिक का ऋण
इंदौर 26 जुलाई, 2017
इंदौर जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक मदद उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा बैंको के सहयोग से आयोजित उच्च शिक्षा ऋण मेले को बेहतर प्रतिसाद मिला हैं। ग्रामीण हाट बाजार परिसर, ढक्कनवाला कुंआ इंदौर में आयोजित इस मेले में एक ही दिन में हाथांे- हाथ 170 विद्यार्थियों के लिए 5 करोड़ 13 लाख रूपये से अधिक का ऋण स्वीकृत किया गया हैं।
यह शिक्षा ऋण मेला कलेक्टर श्री निशांत वरवडे की पहल पर आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री वरवड़े और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती कीर्ति खुरासिया ने मेले का अवलोकन किया। उन्होने विद्यार्थियों से चर्चा की। अग्रणी जिला प्रबंधक श्री मुकेश भट्ट ने बताया कि इस मेले में प्रमुख रूप से 17 बैंक शामिल हुई। मेले में 211 विद्यार्थियों ने अपना नामांकन करवाया। इसमें से पात्र पाये गये 170 विद्यार्थियों के लिए 5 करोड़ 13 लाख रूपये का ऋण हाथों-हाथ स्वीकृत किया गया। इस शिविर में इंजीनियरिंग, मेडिकल, प्रबंधन आदि विषयों में अध्ययनरत मेधावी/प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए ऋण स्वीकृत किया गया। बताया गया कि जारी शैक्षणिक सत्र का यह पहला मेला था। इस मेले की सफलता को देखते हुए आगामी माह में इस तरह के और भी मेले आयोजित किये जायेगे।
आगामी मेले में भी भाग लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को अंक सूची, पैनकार्ड, फोटो पहचान पत्र, पते का प्रमाण पत्र, बैंक खाता यदि हो तो पासबुक, पालक की आय प्रमाण, संबंधित संस्थान का प्रवेश-पत्र एवं फीस विवरण एवं पासपोर्ट आकार के नवीनतम फोटोग्राफ आदि दस्तावेजों को साथ लाना होगा। प्रमुख दस्तावेजों का एक फोटोकॉपी सेट भी लाना जरूरी होगा।
शासन के निर्देशों के अनुरूप 4 लाख रुपये तक के त्रण के लिए जमानत की आवश्यकता नहीं होगी। इसके अलावा 4 लाख रूपये के ऊपर के ऋण के लिए जमानत अथवा समपर्श्विक प्रतिभूति की आवश्यकता रहेगी। ऋण दस्तावेजों में छात्र के साथ माता-पिता अथवा अभिभावक सह ऋणी रहेंगे।
महिपाल/ गरिमा
No comments:
Post a Comment