प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना के तहत कार्यशाला संपन्न
इंदौर, 16 मार्च 2018
महिला एवं बाल विकास विभाग इंदौर द्वारा शुक्रवार 16 मार्च को जिला पंचायत इंदौर के सभाकक्ष में प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना के तहत जनप्रतिनिधियों के लिए जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री कविता पाटीदार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती कीर्ति खुरासिया तथा जिला पंचायत सदस्यगण उपस्थित थे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास इंदौर श्री रजनीश सिन्हा द्वारा प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि एक जनवरी 2017 से यह योजना प्रदेश में प्रभावशील है। ऐसी सभी गर्भवती और धात्री माताएं जो कि एक जनवरी 2017 को या उसके पश्चात परिवार में जन्मे पहले बच्चे से संबंधित है, वे योजना अंतर्गत पात्र होंगे। सभी सरकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र के कर्मचारी इस योजना की परिधि से बाहर रहेंगे। पात्र हितग्राहियों को 3 किश्त 1000 रूपये गर्भावस्था के पंजीयन पर, दूसरी किश्त 2000 रूपये कम से कम एक प्रसव पूर्व जांच पर तथा तीसरी किश्त बच्चें के जन्म पश्चात पंजीकरण एवं प्रथम चक्र का टीकाकरण पूर्ण होने पर देने का प्रावधान है।
योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदिका को नजदीकी आंगनवाड़ी केन्द्र में पंजीयन कराना होगा। आवेदिका को भुगतान की जाने वाली राशि डी.बी.टी. के द्वारा उसके बैंक खाते में ट्रान्सफर की जावेगी। आवेदिका को आवेदन पत्र के साथ मातृ एवं शिशु कार्ड स्वयं एवं पति का आधार कार्ड तथा अपने बैंक खाते का विवरण संलग्न करना होगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा बताया गया कि इंदौर जिले में वर्तमान तक योजना के अंतर्गत 14167 हितग्राहियों का पंजीयन किया जाकर सॉफटवेयर में एन्ट्री की जा चुकी है तथा रूपये 64 लाख 70 हजार की राशि हितग्राहियों के बैंक खाते में ट्रान्सफर की जा चुकी हैं। इंदौर जिले द्वारा संपूर्ण प्रदेश में सर्वाधिक संख्या में हितग्रहियों को लाभान्वित करवाया गया है एवं प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री कविता पाटीदार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती कीर्ति खुरासिया द्वारा इस पर प्रसन्नता व्यक्त की गई तथा सभी जनप्रतिनिधियों से योजना का ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार करने एवं अधिक से अधिक संख्या में हितग्रहियों को लाभान्वित कराने का अनुरोध किया।
क्रमांक 152/375/महिपाल/विजय

No comments:
Post a Comment