आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर
मतदाता सूची अद्यतन करने के सख्त निर्देश
विशेष मुहिम चला कर पात्र हितग्राहियों को आवास पट्टा देने के निर्देश
न्यायालयीन प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें- कलेक्टर श्री वरवड़े
इंदौर 23 अप्रैल 2018
कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक संपन्न हुई। इस अवसर पर कलेक्टर श्री वरवड़े ने राजस्व अधिकारियों से कहा कि आगामी विधानसभा के मद्देनजर मतदाता सूची अद्यतन करें तथा बाहर चले जाने वालों और मृत व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से हटाएं तथा एक जनवरी 2018 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवक-युवतियों के नाम भी मतदाता सूची में जोड़ा जाये। जिले में कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज हाने से वंचित नहीं होना चाहिये। इस अभियान में पटवारियों, नायब तहसीलदारों का सहयोग लिया जाये। इसके अलावा हर तहसील में कलेक्टर रेट पर डाटा इन्ट्री ऑपरेटर की शीघ्र ही नियुक्ति की जायेगी। इस काम में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दास्त नहीं की जायेगी। राजस्व अधिकारीगण चुनाव संबंधी दायित्व का गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि एसडीएम और तहसीलदार फील्ड में जाकर मतदान केन्दों का युक्तियुक्तिकरण करें। यह काम बहुत जरूरी है।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री वरवड़े ने राजस्व अधिकारियों से यह भी कहा कि जिले में विशेष मुहिम चलाकर पात्र हितग्राहियों को आवास पट्टा वितरित करें। यह काम समय-सीमा में पूर्ण किया जाये। यह कार्य राज्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाला कार्यक्रम है। 10 मई, 2018 के पूर्व सभी पात्र हितग्राहियों को पट्टा मिल जाना चाहिये। अगले 7 दिन में प्राप्त सभी आवेदनों का निराकरण जरूरी है। इस अभियान के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आवासहीनों को आवास बनाने हेतु भू-अधिकार पत्र दिये जाएंगे। हितग्राही इस भू-अधिकार पत्र के आधार पर मकान बनाने के लिए किसी भी बैंक से लोन भी ले सकते हैं।
कलेक्टर श्री वरवड़े ने कहा कि राजस्व अधिकारी न्यायिक प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। किसी भी प्रकरण में शीघ्रातिशीघ्र प्रभारी अधिकारी की नियुक्ति कराये। समय सीमा में न्यायालय में जवाब प्रस्तुत करें। न्यायालय की अवमानना के प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
बैठक में अपर कलेक्टर त्रय सुश्री निधि निवेदिता, श्री अजयदेव शर्मा, श्री कैलाश वानखेड़े, एसडीएम सुश्री आदिति गर्ग, सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, अधीक्षक भे-अभिलेख, सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख आदि उपस्थित थे।
No comments:
Post a Comment