कलेक्टर ने की मतदाताओं से मताधिकार के उपयोग की अपील
इंदौर, 25 जनवरी 2017
कलेक्टर श्री पी. नरहरि के मुख्य आतिथ्य में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष (210) में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। जिसमें बड़ी संख्या में बूथ लेवल ऑफिसर और नव पंजीकृत मतदाता शामिल हुए। इस अवसर पर कलेक्टर श्री पी. नरहरि ने कहा कि जिले के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विशेष मुहिम चलाकर सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करें। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा है कि मतदाता दिवस पर विशेष मुहिम चलाकर युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाये। लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी बहुत जरूरी है।
श्री नरहरि ने इस अवसर पर यह भी कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य हमेशा चलता रहता है। हर माह नये नाम जोड़े जाते हैं और अपात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से हटाये जाते हैं। मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक सतत प्रक्रिया है। जिले में समय-समय पर चुनाव और उप चुनाव में अद्यतन मतदाता सूची की आवश्यकता पड़ती है। मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची और मतदान के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा मतदाता सूची का कम्प्यूटरीकरण कर दिया गया है, जिससे एक मतदाता का नाम अब एक ही निर्वाचन क्षेत्र में रह सकता है। एक से अधिक जगह कोई नाम नहीं जुड़वा सकता है।
मतदाता जागरूकता के लिये वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री नरहरि ने उपस्थित मतदाताओं को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलवाई, जिसमें कहा गया है कि प्रत्येक व्यक्ति को लोकतंत्र मजबूत करने के लिये मतदान करना चाहिये और प्रत्येक मतदाता को निर्भिक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय या भाषा से प्रभावित हुए बिना मताधिकार का प्रयोग करना चाहिये। कार्यक्रम में मतदाता जागरूकता के संबंध में गत दिवस विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों में निबंध, वाद-विवाद और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता के विजेताओं को कार्यक्रम में पुरस्कृत किया गया। निबंध प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार कुमारी महिमा लुराना, द्वितीय पुरस्कार कुमारी रेखा माली और तृतीय पुरस्कार कुमारी मोनिका राठौर को दिया गया। मतदाता जागरूकता के लिये स्लोगन प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार कु. अंजलि साहू, द्वितीय पुरस्कार कु. सिमरन साहू और तृतीय पुरस्कार कु. लक्ष्मी वर्मा को दिया गया। इसी प्रकार मतदाता जागरूकता के लिये चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम पुरस्कार कु. दिव्या अकोदिया, द्वितीय कु. सिमरन साहू और तृतीय पुरस्कार कु. लक्ष्मी वर्मा को दिया गया।
जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा मतदाता जागरूकता के लिये वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता का विषय था- "ऑनलाइन मतदान युवाओं की आवश्यकता है।' वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार (पक्ष में) हार्दिक दवे, द्वितीय पुरस्कार कु. स्मृति दुबे और तृतीय पुरस्कार अभिषेक गुमास्ता को दिया गया। विपक्ष में प्रथम पुरस्कार विक्रम सिंह शेखावत, द्वितीय पुरस्कार सोहराब शेख सलीम और तृतीय पुरस्कार देवेन्द्र व्यास को दिया गया। कार्यक्रम में मतदाता जागरूकता के लिये उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रथम पुरस्कार आँगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती दीपक बाला, द्वितीय पुरस्कार श्रीमती मंजू चौहान और तृतीय पुरस्कार श्रीमती मगन राय को दिया गया।
कार्यक्रम में नव पंजीकृत मतदाताओं को हाथोहाथ मतदाता परिचय पत्र मुख्य अतिथि श्री नरहरि द्वारा वितरित किये गये। कार्यक्रम में अंकित दौर, यश यावर, लोकेश पंचोले, रोहित स्कूटे, जयेश सामवानी, नवसेवा खान और आफरिन बी को नये मतदाता परिचय पत्र दिये गये। कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा नाम मतदाता सूची में जोड़ने और मतदाताओं को जागरूक करने के लिये 27 बूथ लेवल ऑफिसर और 22 निर्वाचन सुपरवाइजर को प्रशंसा पत्र दिया गया। बीएलओ को एक-एक हजार रूपये और निर्वाचन सुपरवाइजर को दो-दो हजार रूपये पुरस्कार के रूप में दिये गये। यह राशि उनके बैंक खाते में सीधे ट्रांसफर की जायेगी।
जिले में कुल आबादी का 65 प्रतिशत मतदाता
कार्यक्रम में निर्वाचन प्रशिक्षक श्री आर.के. पाण्डे ने बताया कि इंदौर जिले में कुल 25 लाख 21 हजार 346 पंजीकृत मतदाता हैं। जिले में तीन हजार 79 मतदान केन्द्र हैं। जिले की आबादी इस समय लगभग 38 लाख 67 हजार है। जनसंख्या के अनुपात में मतदाताओं का अनुपात 65.19 प्रतिशत है। जिले में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग में 20 हजार 750 मतदाता हैं और 20 से 29 वर्ष आयु वर्ग में 6 लाख 12 हजार 218 मतदाता हैं। जो कि कुल मतदाताओं का 25.1 प्रतिशत है। कार्यक्रम में अपर कलेक्टरत्रय श्री शमीमउद्दीन, श्री अजयदेव शर्मा, श्रीमती राखी सहाय, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भी मौजूद थे। कार्यक्रम के अन्त में आभार प्रदर्शन डिप्टी कलेक्टर श्रीमती नीता राठौर ने किया।
--0--
क्रमांक 193/193/बी.एन. सिंह/वटके
No comments:
Post a Comment