Saturday, 25 February 2017

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न
इंदौर 25 फरवरी, 2017
जिला कलेक्टर श्री पी.नरहरि की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। कलेक्टर ने बैठक में निर्देश दिये कि जिले में टीकाकरण अभियान में 100 प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त किया जाये। जिले में कुपोषण के संबंध में सघन अभियान चलाया जाये और किसी भी ब्लाक में कुपोषित बच्चा मिलने पर उसे तुरंत पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कराया जाये। जिले में ब्लाक स्तर पर कुपोषित बच्चों को सर्वे कर इसकी रिपोर्ट एक सप्ताह में प्रस्तुत की जाये। नसबंदी पर चर्चा करते हुये कलेक्टर ने कहा कि परिवार नियोजन के दिये गये लक्ष्यों को हर हाल में पूर्ण करना है। इस वर्ष का लक्ष्य 22 हजार का है और अभी तक 17 हजार 500 से अधिक ऑपरेशन किये जा चुके हैं। 
कलेक्टर ने जिले में डॉक्टरों की उपस्थिति और नवजात बच्चों के आधार पंजीयन की भी समीक्षा की और कहा कि प्रसव कराये जाने वाले सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, शासकीय एवं निजी अस्पतालों में सुविधायें उपलब्ध हों, जिससे कि बच्चे के जन्म के समय ही उसका आधार पंजीयन पूर्ण हो जाये। इसके लिये व्यक्तियों को प्रशिक्षित किया जाये।
कलेक्टर ने जिला स्वास्थ्य समिति में रखे गये ऑपरेशन मुस्कान और बाल ह्मदय उपचार योजना के अंतर्गत भी कराये जा रहे ऑपरेशनों की भी समीक्षा की। साथ ही जिले में मोतियाबिंद के 7 हजार से अधिक ऑपरेशन किये जाने पर सभी डॉक्टरों को बधाई दी और कहा कि विगत वर्ष इंदौर में प्रदेश में सबसे अच्छा काम किया था और इस वर्ष भी मोतियाबिंद ऑपरेशन करने में भी इंदौर प्रथम स्थान पर है। बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी, अन्य विभागों के प्रभारी डॉक्टर, ब्लाक मेडिकल आफिसर्स, महिला बाल विकास अधिकारी आदि भी बैठक में उपस्थित थे।
श्व्
राठौर/कपूर 

No comments:

Post a Comment