Saturday, 25 February 2017


सीमांकन और बंटवारे के आवेदन लोक सेवा केन्द्र व कियोस्क में ऑन लाइन जमा करायें
------
मार्च से फिर  चलाया जायेगा जिले में तालाब गहरीकरण का कार्य
------
बिजली की समस्याओं के हल के लिये ग्रामीण स्तर पर कैम्प लगाये जायेंगे
----------------------------
कलेक्टर श्री पी.नरहरि की अध्यक्षता में किसान संघों के साथ बैठक सम्पन्न
इंदौर 25 फरवरी, 2017
कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने सभी किसान भाइयों से आग्रह किया है कि सीमांकन एवं बंटवारे आदि के प्रकरणों को किसी भी पटवारी, राजस्व निरीक्षक को न दें। ऐसे आवेदनों को लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से ऑन लाइन जमा करायें, जिससे उस पर होने वाली कार्यवाही की समय-समय पर मॉनिटरिंग की जा सके। इसके साथ ही कलेक्टर ने कहा कि फसलों का निरीक्षण करने वाले सभी अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है कि फसल की स्थिति का आंकलन करते समय फसलों का आंकलन करते हुये तात्कालिक फोटो आवश्यक रूप से लें, तभी यह माना जायेगा कि संबंधित अधिकारी द्वारा फसलों का सर्वे किया गया। बैठक में किसान भाइयों ने मांग रखी है कि सोसायटी द्वारा दी जाने वाली पासबुक में हाथ से इंट्री की जाती है। उसमें कोई सील भी नहीं लगाया जाती। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिये हैं कि समस्त कॉ-आपरेटिव सोसायटियों का कम्प्युटरीकरण किया जाये और जब तक कम्प्युटीकरण नहीं होता है तब तक पासबुक में सील आवश्यक रूप से लगायी जाये। 
कलेक्टर ने कहा कि इंदौर जिले में  प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लागू होने के साथ ही एक साफ्टवेयर तैयार कराया गया है,जिससे सभी बीमित किसानों को ऑटोमेटिक फसल बीमा योजना की रसीद बनकर प्राप्त होगी। फसल बीमा योजना के संबंध में चर्चा करते हुये किसानों ने कहा कि मौसमी फसलों का क्लेम लेते समय तापमान का आंकलन बहुत जरूरी होता है। इसके लिये कम्पनी द्वारा 10 से 15 किलोमीटर में मौसम केन्द्र स्थापित किये गये हैं। इन केन्द्रों पर किसान समिति बनायी जाये और समय-समय पर मौसम के तापमान का रिकार्ड भी किसानों को उपलब्ध कराया जाये। इस पर कलेक्टर श्री पी नरहरि ने इस प्रकार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिये कहा है। 
कलेक्टर श्री पी.नरहरि ने किसानों से कहा कि विगत वर्ष तालाब गहरीकरण के कार्यों से खेती कार्य के लिये जल की उपलब्धता काफी अच्छी स्थिति में रही है। इस वर्ष भी किसानों से चर्चा उपरांत तालाब गहरीकरण का कार्य पूरे जिले में प्रारंभ किया जायेगा,इससे चार माह में अधिकतम तालाबों का गहरीकरण का कार्य पूर्ण किया जा सके। किसानों ने मांग की कि तालाबों के गहरीकरण के पूर्व तालाबों का सीमांकन कराया जाये। 
किसानों ने विद्युत बिलों के संबंध में अपनी मांग रखी है, जिसमें बताया गया कि कई जगह बिना रिर्डिंग के बिल आ रहे हैं साथ ही ट्रांसफार्मर सिÏफ्टग और विद्युत भार अधिक होने की समस्या भी है, जिसका तुरंत निराकरण किया जाये। कलेक्टर ने अधीक्षक यंत्री एमपीईव्ही को इस संबंध में कार्यवाही करने के निर्देश दिये। साथ ही किसानों की विद्युत संबंधी समस्याओं को हल करने के लिये ग्राम पंचायत स्तर पर विद्युत समस्या निवारण शिविर लगाये जाने के लिये कहा है। 
बैठक में किसानों ने मांग रखी की अनाज मण्डी में किसानों को भुगतान चेक व अन्य माध्यमों से किया जा रहा है, इसे रोका जाये और आरटीजीएस के माध्यम से किसानों के खाते में सीधा भुगतान किया जाये। साथ ही मण्डी के लिये नई जगह चिन्हित करने की मांग भी किसानों द्वारा रखी गयी। किसान एसोसियेशन के सदस्यों द्वारा कलेक्टर को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लाभ दिलाने, तालाब गहरीकरण के कार्यों और जिले में ग्रामीण क्षेत्र को खुले से शौच मुक्त करने पर धन्यवाद दिया। बैठक में कृषि, उद्यानिकी, मण्डी, एमपीईव्ही, आदि विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
राठौर/कपूर

No comments:

Post a Comment