Tuesday, 25 July 2017


कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने जनसुनवाई में सुनी लोगों की समस्यायें
-------
लगभग 250 आवेदन प्राप्त हुये
इंदौर 25 जुलाई, 2017
मंगलवार को जनसुनवाई में कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने लोगों की समस्याओं को सुना। अपर कलेक्टर श्री अजय देव शर्मा ने भी जनसुनवाई में सहयोग किया। जनसुनवाई में लगभग 250 से अधिक आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई में इंदौर के ब्राहृबाग कॉलोनी मरीमाता निवासी श्री देवेन्द्रसिंह चौहान ने बेटमा स्थित आदिवासी बालक छात्रावास के लिये नवीन भवन निर्माण हेतु राशि स्वीकृत करने का प्रस्ताव शासन स्तर पर भिजवाने का अनुरोध किया। आवेदक ने बताया कि छात्रावास का वर्तमान भवन जीर्णशीर्ण स्थिति में है। गत वर्ष उक्त छात्रावास के जीर्णशीर्ण भवन की दीवार गिर गयी थी, किंतु संयोग से उस समय छात्रावास में छात्र नहीं थे, जिसके कारण कोई अनहोनी नहीं हुयी। मामले में वस्तुस्थिति की जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग को दिये गये हैं।
अपनी भूमि पर कब्जा दिलवाने की मांग, तहसीलदार सांवेर को कार्यवाही हेतु दिए निर्देश
जनसुनवाई में एक अन्य मामले में गोवर्धनलाल ने अपनी कृषि भूमि पर कब्जा दिलवाये जाने की गुहार लगायी। आवेदक ने बताया कि तहसील सांवेर के ग्राम बडोदिया में उसकी कृषि भूमि है। उसके द्वारा अपनी जमीन का सीमांकन करवाया गया था। जिसमें यह बात सामने आई कि उसकी कृषि भूमि पड़ोसी किसान के खेत में निकल रही है एवं पड़ोसी का कई वर्षों से अनीतिपूर्वक कब्जा है। पड़ोसी का कब्जा हटाकर उसकी कृषि भूमि पर कब्जा दिलवाया जाये। मामले का परीक्षण कर उचित कार्यवाही हेतु तहसीलदार सांवेर को निर्देशित किया गया है। जनसुनवाई में उषानगर इंदौर निवासी किशनदास पिता मगनदास ललवानी अपनी गंभीर बीमारी के इलाज हेतु शासकीय सहायता दिलवाये जाने का अनुरोध किया। आवेदक ने बताया कि वह ह्मदय रोगी है तथा आवेदक को गुर्दे संबंधी बीमारी भी हो चुकी है। गुर्दे की बीमारी में इलाज हेतु 50 हजार रुपये का खर्चा बताया गया है। वर्तमान में चोइथराम हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। आवेदक की आर्थिक स्थिति दयनीय है और कोई अन्य सहारा नहीं है। मामले में कार्यवाही हेतु प्रभारी अधिकारी रेडक्रास सोसायटी को लिखा गया है। 
उच्च शिक्षा ऋण मामले में एलडीएम को कार्यवाही हेतु दिये निर्देश
जनसुनवाई में स्कीम नम्बर-51 संगम नगर निवासी सुरेन्द्र सिंह पंवार ने अपने पुत्र की पढ़ाई के लिये शिक्षा ऋण स्वीकृत करवाये जाने का अनुरोध किया। आवेदक ने बताया कि पुत्र की उच्च शिक्षा के लिये पंजाब नेशनल बैंक में उच्च शिक्षा ऋण हेतु प्रकरण तैयार किया गया है, किंतु अधिकारी ऋण स्वीकृत करने में आनाकानी कर रहे हैं। मामले में त्वरित कार्यवाही हेतु जिला प्रबंधक अग्रणी बैंक को निर्देशित किया गया है। जनसुनवाई में शेखर नगर इंदौर निवासी बेबीबाई पिता बिसन ने अंत्योदय खाद्यान्न नहीं मिलने की शिकायत की । आवेदिका ने बताया कि उसके पास अंत्योदय राशन कार्ड है, जिस पर राशन नहीं मिल रहा है। मामले में कार्यवाही हेतु जिला आपूर्ति नियंत्रक को निर्देशित किया गया है।
भूमि संबंधी मामलों में त्वरित कार्यवाही के निर्देश
जनसुनवाई में भूमि संबंधी विवाद के मामले भी प्राप्त हुये। एक मामले में अन्नूबाई व मैनाबाई पिता भेराजी ने अपनी ग्राम अम्बालिया तहसील देपालपुर जिला इंदौर स्थित भूमि पर प्रार्थीगणों को बुवाई करने से रोके जाने की शिकायत की। रणजीत सिंह पिता रतन सिंह निवासी ग्राम रामपुरिया ने जमीन की नपती नहीं किये जाने व कब्जा न दिलाये जाने की शिकायत की। आवेदक ने बताया कि उसके द्वारा अपनी भूमि के सीमांकन हेतु आवेदन किया है तथा चालान द्वारा राशि भी जमा कर दी गयी है, किंतु नपती नहीं की जा रही है। उक्त दोनों मामलों में एसडीएम देपालपुर को कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है।
भदौरिया/ गरिमा

No comments:

Post a Comment