होटल धराशायी होने की दुर्घटना के समग्र विश्लेषण के लिए
प्रमुख सचिव नगरीय विकास श्री विवेक अग्रवाल इंदौर पहुंचे
घटना के संबंध में विस्तार से ली जानकारी
इंदौर 10 अप्रैल 2018
नगरीय विकास एवं आवास विभाग के प्रमुख सचिव श्री विवेक अग्रवाल आज इंदौर आए। यहां उन्होंने रेसीडेंसी में नागरिकों से चर्चा कर गत 31 मार्च को होटल एम.एस. के भवन धाराशायी होने की दुर्घटना की जांच के लिए विस्तार से जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने भवन गिरने की दुर्घटना, उससे उत्पन्न स्थिति, भवन में अन्य दुकानदारों के हितो के संरक्षण, भविष्य में इस तरह की दुर्घटना की पुनर्रावृत्ति रोकने आदि के संबंध में जानकारी व सुझाव लिये।
इस मौके पर कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े, नगर निगम आयुक्त श्री मनीष सिंह, लोक निर्माण विभाग पीआईयू के परियोजना संचालक श्री विजय सिंह वर्मा, अपर कलेक्टर श्री कैलाश वानखेड़े, अपर कलेक्टर श्री अजयदेव शर्मा आदि उपस्थित थे। श्री विवेक अग्रवाल ने नागरिकों से चर्चा की। इस अवसर पर प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य नागरिकों ने उन्हें घटना के संबंध में विस्तार से बताया। इंदौर शहर में जीर्णशीर्ण भवनों के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने श्री अग्रवाल से आग्रह किया कि ऐसी नीति और नियम बनाया जाये जिससे जीर्णशीर्ण भवनों में रहने वाले नागरिकों और मकान मालिक दोनों के हितों का संरक्षण हो।
श्री विवेक अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि होटल के भवन में जिन दुकानदारों की मालकीयत थी, उन्हें नियमानुसार उनका पूरा हक दिलाया जायेगा। साथ ही पात्रता के अनुसार स्वरोजगार योजना के तहत ऋण भी देने की कार्यवाही की जायेगी। भविष्य में उक्त घटना जैसी दूसरी दुर्घटना नहीं हो, इस संबंध में कार्य योजना बनाकर उसका प्रभावी क्रियान्वयन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि हमारी मंशा है कि जीर्णशीर्ण भवनों में रहने वाले लोगों और मकान मालिकों दोनों के हितो का संरक्षण हो। इसको दृष्टिगत रखते हुए नीति और नियम बनाये जायेंगे। हमारी समिति शीघ्र ही अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगी। उन्होंने बताया कि यह प्रयास किये जा रहे है, पुराने भवनों की अनुमतियों को भी ऑनलाइन पोर्टल पर सुलभ प्रदर्शित किया जाये। इसके अलावा पुराने भवनों का आडिट स्ट्रक्चर इंजीनियर से कराये जाने पर भी विचार किया जा रहा है।
ज्ञात रहे कि राज्य शासन ने इंदौर में गत 31 मार्च को होटल बिल्डिंग धराशायी होने की दुर्घटना का समग्र विश्लेषण करने के लिये अपर मुख्य सचिव, गृह की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। इस समिति में नगरीय विकास एवं आवास विभाग के प्रमुख सचिव श्री विवेक अग्रवाल और लोक निर्माण विभाग पीआईयू के परियोजना संचालक श्री विजय सिंह वर्मा को सदस्य बनाया गया है। यह समिति इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति को रोकने के लिये सुझाव देगी। साथ ही, अन्य प्रसांगिक बिन्दुओं पर भी विचार करेगी। समिति सम्पूर्ण जाँच के बाद अपना प्रतिवेदन राज्य शासन को देगी।
No comments:
Post a Comment