अगली पीढ़ी को विरासत के रूप में स्वच्छ जल, स्वच्छ वायु और
स्वच्छ भूमि सौंपना हमारी जिम्मेदारी : श्रीमती सुमित्रा महाजन
------------------------
स्वच्छ भारत अभियान समय की मांग - श्री हरदीप सिंह पुरी
इंदौर 10 अप्रैल 2018
शहरीकरण और आधुनिकीकरण विकास के लिए हमारी जरूरत है पर इसे पाने के क्रम में हमें भूमि, जल और वायु को प्रदूषण और अत्यधिक दोहन से बचाने पर भी ध्यान देना होगा....यह बात लोक सभाध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन ने आज इंदौर में भारत सरकार, जापान सरकार, संयुक्त राष्ट्र क्षेत्रीय विकास केंद्र, मध्य प्रदेश सरकार, इंदौर नगर निगम तथा सी आई आई के संयोजन में आयोजित एशिया और प्रशांत क्षेत्र की आठवीं 3आर फोरम की तीन दिवसीय बैठक के उद्घाटन के अवसर पर कही.. श्रीमती महाजन ने कहा कि बड़ी मात्रा में उत्सर्जित हो रहे कचरे का निपटान करने के लक्ष्य को हम 3 आर यानि रिड्यूस, रियुस और रिसाइकल के मंत्र को अपनाकर प्राप्त कर सकते हैं, जो प्रकृति से जितना लिया, उससे ज्यादा लौटाने के धर्म का पालन करने की हमारी संस्कृति और जैव विविधता के सरंक्षण की अवधारणा पर आधारित है. उन्होंने कहा कि रिड्युस का अर्थ अपना लालच, दोहन की रफ़्तार और जरूरतें कम करने से लगाया जाना चाहिए.,रियुस का तात्पर्य प्राकृतिक संसाधनों के पुनः इस्तेमाल से है, जैसे पेयजल के पाइप के अलावा इस्तेमाल किये हुए पानी के पुनः इस्तेमाल के लिए भी एक पाइप लाइन होना चाहिए. श्रीमती महाजन ने इंदौर को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने के लिए समाज और सरकार के साझा प्रयासों का उदहारण देते हुए कहा कि, घर, मोहल्ले, नगर, शहर. प्रदेश और देश को स्वच्छ बनाने के लिए जनता की सहभागिता और सहयोग जरूरी है. उन्होंने कहा कि लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री द्वारा देश को स्वच्छ बनाने के आह्वान को जनता ने दिल से स्वीकार किया है,जिसके चलते स्वच्छ भारत अभियान को अद्भुत जन सहयोग मिल रहा है. लोक सभाध्यक्ष ने कहा कि कचरा ऊर्जा उत्पादन, खाद निर्माण, सड़क निर्माण का बेहतर साधन है. हम कचरे को कचरा धन मानकर रिसाइक्लिंग करके बहुत से कामों में ले सकते है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 3 आर फोरम की तीन दिवसीय बैठक में अपशिस्ट प्रबंधन के सामाजिक, आर्थिक, और अन्य पहलुओं पर सार्थक तथा उपयोगी चर्चा होगी.
कार्यक्रम में भारत सरकार के आवास और शहरी मामलो के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि एशिया, प्रशांत क्षेत्र के विकास के लिए इंदौर में आयोजित 3 आर फोरम में प्राप्त सुझाव और जानकारियां बेहद उपयोगी साबित होंगे. उन्होंने कहा कि महात्मा गाँधी ने कहा था कि स्वच्छता की प्राप्ति, राजनैतिक स्वतंत्रता की प्राप्ति से भी जरूरी है. प्रधान मंत्री जी ने इन्ही विचारों को स्वच्छ भारत अभियान के रूप में फिर समय की मांग समझते हुए प्रस्तुत किया है. श्री पूरी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिय गया 6 आर उनका मंत्रालय जल सरंक्षण, सीवेज मैनेजमेंट, शौचालय निर्माण जैसे कामों के साथ जनता के व्यवहार और आदतों में बदलाव लाने पर भी काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमें 100 प्रतिशत सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का लक्ष्य प्राप्त करने के सार्थक प्रयास करने होंगे. इसके लिए प्रधानमंत्री द्वारा दिया गया 6 आर रिड्यूस, रियुस, रिसाइकल, रिकवर, रिडिजाइन और रिमेनुफेक्चर का मन्त्र अपनाने पर रिजोयिस यानि परमानन्द की प्राप्ति होगी. श्री पुरी ने कहा कि कचरे से बिजली उत्पादन, खाद बनाना, सड़क निर्माण तथा अन्य कार्य करना हमारा लक्ष्य है और इसे प्राप्त करने में 3 आर फोरम की बैठक में प्राप्त सुझाव और जानकारियां बेहद उपयोगी साबित होंगी.
इस अवसर पर जापान के पर्यावरण राज्य मंत्री तादाहिको ईतो ने कहा कि एशिया-प्रशांत क्षेत्र विकास के बहुत से मानदंडों पर चुनौतियाँ झेल रहा है, जिनमें कचरा प्रबंधन, भूमि, जल और वायु सरंक्षण के मुद्दे खास है. उन्होंने इंदौर की स्वच्छता की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत और जापान 3 आर के बारे में एक जैसी सोच रखते हैं, जो अगली पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य और सरंक्षित वसुंधरा सौपने की सोच पर आधारित है. श्री ईतो ने कहा कि जापान भारत को स्वच्छता के मापदण्ड प्राप्त करने के लिए हर संभव सहयोग देगा और हम मिल जुलकर स्वच्छ भूमि, जल और वायु का लक्ष्य प्राप्त कर लेंगे. उन्होंने कहा कि जापान एशिया प्रशांत क्षेत्र सहित सम्पूर्ण विश्व को स्वच्छ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है.
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश की आवास और शहरी विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने मध्यप्रदेश में अपशिष्ट प्रबंधन के हो रहे उल्लेखनीय कामों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इंदौर में कचरे से निर्माण सामग्री और खाद, जबलपुर में कचरे से बिजली और कटनी में खाद बनाई जा रही है. श्रीमती सिंह ने बताया कि कचरा प्रबंधन के लिए प्रदेश की 378 लोकल बॉडीज को 26 क्लस्टर्स में बांटा गया है जिनमें से 20 क्लस्टर्स में कचरे से खाद और 6 क्लस्टर्स में बिजली बनायेगे. उन्होंने बताया कि प्रदेश में अगले 2-3 वर्षों में रिसाइकल की गई वस्तुओं को बाजार में प्रस्तुत करेंगे.
. संयुक्त राष्ट्र की आर्थिक मामलो की अधिकारी सुश्री ब्रिजिट बेराल्ड ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र, वर्ष 2030 तक उच्च जीवन स्तर, विकास,स्वच्छता के मानकों को प्राप्त करने के लिए वचनबद्ध है. जनता को स्वच्छ जल, वायु, भूमि उपलब्ध कराना जरूरी है. हमें विकास योजनाएं बनाते समय पर्यावरण की रक्षा करने का ध्यान रखना होगा. कचरा प्रबंधन के लिए हमें 3 आर फोरम में खुल कर विचारों का आदान प्रदान करना होगा
इसके पहले अपने स्वागत भाषण में आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के सचिव श्री दुर्गाशंकर मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा स्वच्छ भारत अभियान के आह्वान के बाद देश में स्वच्छता की लहर चल रही है क्योंकि स्वच्छता वेदों और अन्य धार्मिक ग्रंथो में वर्णित हमारी जीवन पद्दति का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि इंदौर में आयोजित हो रही 3 आर समिट कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में बहुत उपयोगी साबित होगी
तीन दिवसीय 3 आर फोरम समिट में 40 देशों के 300 प्रतिनिधि, भारत 106 शहरों के सरकारी और गैर सरकारी संस्थाओं के अधिकारी और प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं.
No comments:
Post a Comment