Saturday, 7 April 2018

इंदौर नगर निगम ने सफाई कर्मियों को मिली अनेक सौगाते
....................................
2 हजार 319 सफाई कर्मियों को नियमित करने संबंधी आदेश जारी होगा शीघ्र
....................................
एक करोड़ रूपये की लागत के सामुदायिक भवन का निर्माण भी जल्दी शुरू किया जायेगा
....................................
सफाई कर्मियों के लिए बनेगी नई कॉलोनी
इंदौर 07 अप्रैल 2018
      इंदौर नगर निगम के सफाई कर्मियों को आज अनेक सौगाते मिली हैं। इंदौर नगर निगम के 2 हजार 319 सफाई कर्मियों को नियमित करने के आदेश जल्दी ही जारी किये जायेगें साथ ही एक करोड़ रूपये की लागत से राज मौहल्ले में बनने वाले सामुदायिक भवन का निर्माण भी जल्दी शुरू किया जायेगा। इस भवन के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई हैं। इंदौर नगर निगम क्षेत्र में सफाई कर्मियों की आवास समस्या दूर करने के लिए एक नई कॉलोनी बनाई जायेगी। इसके लिए स्थान चिन्हित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
      यह जानकारी राष्ट्रीय सफाई कामगार आयोग के सदस्य स्वामी श्री सदानंद जी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री मनीष सिंह ने दी। बैठक में नगर निगम के अपर आयुक्त श्री संतोष टैगोर सहित अन्य अधिकारी और सफाई कामगारों की यूनियन के श्री प्रताप करोसिया, श्री लीलाधर करोसिया, श्री बाबूलाल सिरसिया, श्री विक्की करोसिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। बैठक में राष्ट्रीय सफाई कामगारों के सदस्य स्वामी श्री सदानंद ने सफाई कामगारों की समस्याओं को सुना। बैठक में उन्होने सफाई कामगारों की आवास, स्वास्थ्य, उनके वेतन, रिक्त पद, उन्हें मिल रही विभिन्न सुविधाओं आदि की जानकारी ली।
      बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री मनीष सिंह ने सफाई कर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होने बताया कि नगर निगम ने सफाई कर्मियों की सभी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा हैं। उन्हें साधन संपन्न बनाया गया हैं, सुरक्षा के सभी उपकरण दिए गए हैं, उन्हें ड्रेस भी दी गई हैं, उनके स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा जा रहा है। सफाई कर्मियों को राज्य कर्मचारी बीमा निगम के अंतर्गत स्वास्थ्य कार्ड बनाकर दिये जा रहे हैं। इससे उनका चिन्हित अस्पतालों में नि:शुल्क इलाज होगा। सभी सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए 01 मई 2018 से शिविर लगाए जायेगें।
      बैठक में स्वामी श्री सदानंद ने इंदौर नगर निगम द्वारा सफाई कर्मियों के लिए किये जा रहे कार्यो की सराहना की। उन्होने कहा कि सफाई कर्मियों को सुविधा संपन्न बनाने तथा उनके कल्याण के कार्यो में इंदौर नगर निगम देश के अव्वल नगर निगमों में शामिल हैं। उन्होने कहा कि सफाई कर्मियों के रिक्त पदों की पूर्ति भी शीघ्र की जाना चाहिए। अनुकंपा के नियुक्ति के प्रकरण भी शीघ्र निराकृत करने के भी उन्होने निर्देश दिए।
      बैठक में सफाई कर्मियों की यूनियनों की तरफ से श्री प्रताप करोसिया ने इंदौर नगर निगम में सफाई कर्मियों के लिए किये जा रहें कार्यो और उन्हें दी जा रही सुविधाओं के लिए नगर निगम को धन्यवाद दिया। उन्होने कहा कि इंदौर नगर निगम के सफाई कर्मियों में अपार हर्ष हैं। उनकी वर्षो पुरानी मांगों का निराकरण चरण वद्ध रूप से हो रहा हैं।

No comments:

Post a Comment