युवाओं को रोजगार देने के लिए 07 अप्रैल को लगेगा विशाल मेला
इंदौर 02 अप्रैल,2018
इंदौर जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार देने के लिए आगामी 07 अप्रैल 2018 को राज मौहल्ला स्थित एमबी खालसा कॉलेज में विशाल रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा हैं। यह मेला जिला प्रशासन एवं सार्थक संस्था के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित होगा। इस मेले में निजी क्षेत्र की 100 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहेगें और युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप अपनी कंपनी में नौकरी के लिए चयनित करेगें।
कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने इस मेले के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होने कहा है कि मेले में ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाये कि किसी भी युवा को किसी भी तरह की परेशानी नहीं आये। उन्होने मेले की व्यवस्था के लिए विभिन्न अधिकारियों को अलग-अलग दायित्व भी सौंपे हैं। औद्योगिक विकास निगम इंदौर के प्रबंध संचालक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महा प्रबंधक, जिला रोजगार अधिकारी, संयुक्त संचालक कौशल उन्नयन तथा प्राचार्य आईटीआई को यह दायित्व सौंपा है कि वे विभिन्न कंपनियों से चर्चा कर अधिक से अधिक कंपनियों को मेले में लाये। कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई तथा पेयजल व्यवस्था का जिम्मा अपर आयुक्त नगर निगम श्री संतोष टेगौर को, आपातकालीन व्यवस्था मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को, कानून व्यवस्था पुलिस अधीक्षक पश्चिम को, कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय तथा दिव्यांग उम्मीदवारों को लेने ले जाने की व्यवस्था श्री भरत सिंह गौर को, यातायात की व्यवस्था पुलिस अधीक्षक यातायात को सौंपी गई हैं। जिला रोजगार अधिकारी श्री आईएस मंडलौई को नोडल अधिकारी बनाया गया हैं।
No comments:
Post a Comment