संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय,इंदौर
समाचार
असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश
.............................. ...........
जिले में अब तक 56 हजार से अधिक हुए पंजीयन
.............................. ...........
दिव्यांग युवकों के कौशल विकास हेतु विशेष बैचेज लगवाने के लिए
आई.टी.आई. प्राचार्य को दिए निर्देश
.............................. ...........
300 दिवस से अधिक की लंबित सीएम हेल्पलाइन आवेदनों का
प्राथमिकता से निराकरण करें
.............................. ...........
समयसीमा संबंधी बैठक में कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने
अधिकारियों को दिए निर्देश
इंदौर 02 अप्रैल,2018
कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े की अध्यक्षता में सोमवार को प्रशासनिक संकुल के सभाकक्ष में समय सीमा संबंधी पत्रों के निराकरण की प्रगति तथा अंतर्विभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर श्री वरवड़े ने एक अप्रैल 2018 से असंगठित मजदूरों के पंजीयन संबंधी शुरू किये गये अभियान के तहत पंजीयन कार्य में तेजी लाने के निर्देश सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। बैठक में बताया गया कि अबतक जिले में लगभग 56 हजार मजदूरों के पंजीयन हो चुके हैं।
बैठक में कलेक्टर श्री वरवड़े ने नगरीय निकायवार तथा जनपदवार पंजीयन की स्थिति की समीक्षा की। नगर परिषद मानपुर, गौतमपुरा, सांवेर, हातौद, देपालपुर, महू गांव तथा राऊ में पंजीयन की स्थिति संतोषजनक नहीं होने पर नाराजगी प्रकट की तथा सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को पंजीयन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण को भी नगरीय क्षेत्रों में जाकर पंजीयन कार्य की मॉनीटरिंग व समीक्षा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को यह भी कहा कि पंजीयन शिविरों में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करें तथा उनका सहयोग लेकर पंजीयन कार्य में तेजी लाये। उन्होने कहा कि पंजीयन कार्य की प्रगति प्रतिदिन शाम 6 बजे भिजवाना सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्यमंत्री भावांतर भुगतान योजना तथा समर्थन मूल्य पर उपार्जित गेंहू की राशि को संबंधित किसानों के खातों में भुगतान की समीक्षा की गई तथा निर्देश दिए कि विक्रित उपज का किसानों को शीघ्रता से भुगतान सुनिश्चित किया जाये। किसानों का भुगतान समय से भी सुनिश्चित हो। बैठक में समर्थन मूल्य पर गेंहू विक्रय हेतु किसानों को एसएमएस भेजने की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा निर्धारित संख्या में किसानों को एसएमएस आवश्यक रूप से भिजवाने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री वरवड़े ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि अधिकारीगण सीएम हेल्पलाइन को प्रतिदिन पोर्टल खोलकर देखे तथा प्रतिदिन निराकरण सुनिश्चित कराये। उन्होने 300 दिवस से अधिक की लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि 300 दिवस से अधिक की सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित कराये।
बैठक में समाधान ऑनलाइन के लिए निर्धारित विषयों पर भी चर्चा की। बैठक में कलेक्टर श्री वरवड़े ने नगरीय तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की स्थिति पर सतत निगरानी रखने तथा पेयजल समस्या संबंधी मामलों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि मवेशियों के लिए भी ग्रामीण क्षेत्रों में पानी व चारे की व्यवस्था की समीक्षा कर ली जाये। इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा हेतु निर्देशित किया।
रोजगार की पढ़ाई-चले आईटीआई अभियान
बैठक में रोजगार की पढ़ाई-चले आईटीआई अभियान के संबंध में भी चर्चा की गई। बताया गया कि यह बभियान 02 अप्रैल 2018 से 30 अप्रैल 2018 तक संचालित किया जा रहा हैं। अभियान के प्रथम चरण में स्कूलों में प्रवेषित छात्र-छात्राओं का आईटीआई में भ्रमण, विद्युत कार्य एवं कम्प्यूटर व्यवसाय के प्रायोगिक कक्षों का भ्रमण कराया जायेगा। द्वितीय चरण में 10 वीं से 12वीं तक के ऐसे छात्र जो बीच में पढ़ाई छोड़ देते है, उनको कौशल संवर्धन से संबंधित प्रशिक्षण के लिए प्रेरित किया जायेगा। साथ ही 10वीं पास नियमित छात्रों को भी आईटीआई में प्रवेश हेतु प्रेरित किया जायेगा। अभियान का उद्देश्य कौशल विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना हैं तथा प्रदेश की अधिक से अधिक जनशक्ति को कौशल बनाकर स्वरोजगार से जोड़ना हैं। कलेक्टर श्री वरवड़े ने ग्रामीण विकास विभाग, शिक्षा, सामाजिक न्याय तथा महिला सशक्तिकरण विभाग को सहयोग हेतु निर्देशित किया। उन्होने सामाजिक न्याय विभाग को दिव्यांगों में कौशल विकास हेतु उनकी रूचि के अनुसार ट्रेड में प्रशिक्षण हेतु सूची तैयार करने के निर्देश दिए वहीं आईटीआई के प्राचार्य को दिव्यांगों में कौशल विकास हेतु विशेष बैचेज लगवा कर प्रशिक्षित किये जाने के लिए निर्देशित किया।
क्रमांक/भदौरिया/जी
No comments:
Post a Comment