Thursday, 15 March 2018

प्रधानमंत्री उज्जवला योजना में शेष बचें पात्र परिवारों को भी लाभांवित करें- संभागायुक्त श्री दुबे ने बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारियों को दिए निर्देश
इंदौर 15 मार्च 2018
संभागायुक्त श्री संजय दुबे ने संभागायुक्त कार्यालय में खाद्य, स्वरोजगार योजनाओं, आईसीडीएस तथा स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की। इस अवसर पर संभाग की जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, संयुक्त संचालक उद्योग, उप संचालक महिला सशक्तीकरण, जिला आपूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारीगण, जिला उद्योग केन्द्रों के महाप्रबंधक गण उपस्थित थे।
संभागायुक्त श्री दुबे ने संभाग के जिला आपूर्ति अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने जिले की गैस ऐजेंसियों से शहरी क्षेत्रों के लिए वार्डवार तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए ग्राम पंचायतवार गैस कनेक्शनधारियों की सूची दो दिन में प्राप्त करना सुनिश्चित करें तथा इस सूची को सामाजिक-आर्थिक जाति जनगणना के आकड़ों से मिलान करें तथा जो परिवार प्रधानमंत्री उज्जवला योजना में गैस कनेक्शन की पात्रता रखते हैं व लाभ पाने से वंचित रहे गये है, उन्हें ग्राम पंचायत/वार्डवार छांटकर सूचीवद्ध कर लें तथा ऐसे सभी परिवारों से केवाईसी फार्म भरवाकर प्रधानमंत्री उज्जवला योजना में लाभ दिलाया जाना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि इस कार्य में कोई कोताही नहीं बरती जाये, अन्यथा संबंधित जिलों के जिला आपूर्ति अधिकारियों के विरूद्ध लापरवाही के लिए कार्यवाही की जायेगी। उन्होने समर्थन मूल्य पर गेंहू उपार्जन के लिए पंजीयन कराने वाले कृषकों के रकबा के सत्यापन की प्रगति की भी जानकारी ली तथा सत्यापन कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
शत-प्रतिशत प्रकरणों में ऋण वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश
संभागायुक्त श्री दुबे ने संभाग के जिलो में स्वरोजगार योजनाओं विशेषकर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी, मुख्यमंत्री स्वरोजगार, मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजनाओं में स्वीकृत प्रकरणों में वितरण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होने स्वरोजगार योजना में वर्षान्‍त से पहले शत-प्रतिशत प्रकरणों में ऋण वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में अधिकांश जिलों में स्वरोजगार योजनाओं में प्रगति प्रशंसनीय बतायी गई। आर्थिक कल्याण योजना में इंदौर, खण्डवा और बुरहानपुर को विशेष ध्यान देकर शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। वहीं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में झाबुआ व अलीराजपुर जिलों में शत-प्रतिशत से ज्यादा वितरण की उपलब्धि दर्ज करने पर प्रशंसा भी की। उन्होने स्वरोजगार योजनाओं में बनाये गए प्रकरणों की गुणवत्ता के संबंध में भी जिलों के अधिकारियों से पूछताछ की तथा आवश्यक निर्देश भी दिए।

No comments:

Post a Comment